गर्मी में ज्यादा पसीने से स्कैल्प हो गई है चिपचिपी? गुलाब जल और नींबू का ये हेयर मास्क बालों को बना सकता है शाइनी
गर्मी के मौसम में ज्यादा पसीने की वजह से न सिर्फ आपकी त्वचा को नुकसान होता है, बल्कि बाल भी ड्राई होने लगते हैं। इस मौसम में स्कैल्प में पसीना, चिपचिपापन और ऑयल जमा होने लगता है जिससे बाल हमेशा ऑयली नजर आते हैं। कई लोगों के बाल गर्मियों में जल्दी ऑयली हो जाते हैं, जिससे स्कैल्प चिपचिपी होने लगती है। ऐसे में बार-बार शैंपू करने के बाद भी स्कैल्प फ्रेश नहीं होती है और बालों में वेट डैंड्रफ होने लगती है। हम इस समस्या से बाहर आने के लिए कई महंगे प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल भी करते हैं, लेकिन केमिकल बेस्ड प्रोडक्ट की जगह कुछ नेचुरल चीजें आपके बालों को राहत दे सकती हैं। गुलाब जल और नींबू से बना हेयर मास्क गर्मियों में आपकी स्कैल्प को ठंडक प्रदान करने के साथ एक्स्ट्रा ऑयल को भी कम करने में मदद कर सकता है। आइए जानें कैसे तैयार किया जा सकता है यह हेयर मास्क।
गर्मी में क्यों चिपचिपी हो जाती है स्कैल्प?
गर्मी के मौसम में ज्यादा उमस की वजह से स्कैल्प में नेचुरल ऑयल ज्यादा बनने लगता है। इसके अलावा धूल, पसीना और प्रदूषण बालों में जमा होकर स्कैल्प को गंदा और चिपचिपा बना देते हैं। अगर सही समय पर सही देखभाल न की जाए तो इससे बालों में खुजली, डैंड्रफ और बाल टूटने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इस समस्या से बचने के लिए आप कुछ हेयर मास्क का इस्तेमाल कर सकती हैं।

गुलाब जल और नींबू का हेयर मास्क
गुलाब जल और नींबू से बना हेयर मास्क आपकी स्कैल्प को ठंडक पहुंचाने में मदद करता है और बालों को फ्रेश और हल्का महसूस कराता है। आइए जानें हेयर मास्क बनाने का तरीका।
आवश्यक सामग्री
गुलाब जल- 4 से 5 चम्मच
नींबू का रस-1 चम्मच
एलोवेरा जेल- 1 चम्मच
गुलाब जल और नींबू का हेयर मास्क कैसे बनाएं?
एक बाउल लें और उसमें गुलाब जल और नींबू का रस मिलाएं।
यदि आपके बालों को एलोवेरा सूट करता है तो इस मिश्रण में एलोवेरा जेल मिलाएं।
सभी सामग्रियों को आपस में अच्छी तरह से मिलाकर हेयर मास्क तैयार करें।
कैसे लगाएं गुलाब जल और नींबू का हेयर मास्क?

सबसे पहले बालों को अच्छी तरह से शैंपू से धो लें और बालों को सुखाकर अच्छी तरह से सुलझा लें। अब बालों को दो हिस्सों में बांट लें।
हेयर मास्क को कॉटन की मदद से पूरे स्कैल्प में लगाएं और हल्के हाथों से पांच मिनट तक स्कैल्प की मसाज करें।
हेयर मास्क को कम से कम 1 घंटे के लिए बालों की स्कैल्प में लगाए रखें।
एक घंटे के बाद बालों को पानी से अच्छी तरह से धो लें और शैंपू का इस्तेमाल न करें।
इस हेयर मास्क को हफ्ते में एक से दो बार स्कैल्प पर लगाएं।
इस हेयर मास्क से चिपचिपी स्कैल्प से राहत मिल सकती है और यह बालों को शाइनी बनाने में भी मदद करेगा।

