ट्विटर अब बैन को लेकर करना चाहता है बात : नाइजीरिया

`
अबुजा। नाइजीरियाई सरकार ने कहा कि ट्विटर पश्चिम अफ्रीकी देश में अपनी गतिविधियों को निलंबित करने संबंधी मुद्दों को हल करने के लिए अब बातचीत करना चाहता है।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, नाइजीरियाई सूचना और संस्कृति मंत्री लाई मोहम्मद ने बुधवार को यहां संवाददाताओं से कहा कि उन्हें ट्विटर से एक संदेश मिला, जिसमें नाइजीरियाई सरकार के साथ बातचीत की इच्छा जताई गई है।

मोहम्मद ने कहा, वे (ट्विटर) अब हमारे साथ वरिष्ठ स्तर की चर्चा करने के लिए तैयार हैं। हालांकि उन्होंने इस बात का भी जिक्र किया कि सरकार के लिए सबसे महत्वपूर्ण नाइजीरिया की संप्रभुता है।

उन्होंने कहा कि नए विकास के चलते नाइजीरियाई सरकार ट्विटर और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के आधिकारिक पंजीकरण पर जोर दे रही है।

मोहम्मद कहते हैं, अहम बात यह है कि नाइजीरिया में ट्विटर का लाइसेंस मिलना जरूरी है । साथ ही ट्विटर का अपने मंच का उपयोग उन गतिविधियों के लिए बंद कर देना चाहिए, जो नाइजीरिया के विकास या उसके कॉपोर्रेट अस्तित्व के लिए प्रतिकूल हैं।

ट्विटर की गतिविधियों को निलंबित करने के अलावा नाइजीरिया के प्रसारण नियामक राष्ट्रीय प्रसारण आयोग ने सभी स्थानीय आउटलेट्स को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के उपयोग को निलंबित करने का आदेश दिया है।

दरअसल, कुछ दिन पहले ही नाइजीरिया के राष्ट्रपति मोहम्मदु बुखारी ने एक ट्वीट में गृहयुद्ध का जिक्र करते हुए अपने विरोधियों पर निशाना साधा था। उन्होंने लिखा था कि जो आज बुरा बर्ताव कर रहे हैं, उन्हें उसी की भाषा से समझाया जाना चाहिए, जो वो समझते हैं।

ट्विटर ने 1 जून को इस ट्वीट को यह कहते हुए हटा दिया कि यह उनके गाइडलाइन का उल्लंघन कर रहा है, जिसके बाद से ही सरकार और ट्विटर के बीच तनाव शुरू हो गया है।

--आईएएनएस

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story