आशापुर में यमदूत बनकर दौड़ रही ट्रैक्टर ट्राली ने ली बाइक सवार दो लोगों की जान, लोगों ने किया हंगामा

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। सड़कों पर यमदूत बनकर दौड़ रही ट्रैक्टर  ट्रालियां आएदिन लोगों की जान लेती जा रही हैं और हर बार प्रशासन उन पर सख्ती के दावे तो करता है लेकिन दावे धरातल पर कभी दिखाई नही देते। नतीजा हादसे दर हादसे होते जा रहे हैं। शनिवार की रात आशापुर फ्लाईओवर के पास पर ईंट लदे ट्रैक्टर ट्राली ने बाइक सवारों दो व्यक्तियों को चपेट में ले लिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार मृतकों में से एक चौबेपुर थाना क्षेत्र के कैथी के दिनेश सिंह का पुत्र अमित सिंह (36) है। जबकि दूसरे मृत बाइक सवार हरिकुंवर यादव (63) गाजीपर जिले के मतखन्ना नारी पचदेवा के निवासी थे। हादसे के समय अमित बाइक चला रहा था और हरिकुवंर पीछे बैठे थे। दुर्घटना के बाद बौखलाए लोगों ने हंगामा कर दिया। सूचना पर सारनाथ पुलिस पहुंची तो लोग पुलिस वालों पर भी बिफर पड़े। काफी देर तक हंगामा चलता रहा। बताया जाता है कि बाइक सवार गाजीपुर की ओर जा रहे थे और ईंट लदी ट्रैक्टर ट्राली फ्लाईओवर से शहर की ओर आ रही थी। इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर ट्राली ने बाइक में टक्कर मार दी। इसके बाद दोनों उसके पहिए के नीचे आ गये। हादसे की सूचना पर दोनों के परिजन रात में दीनदयाल अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने हादसे का कारण बनी ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में ले लिया है।

गौरतलब है कि आशापुर फ्लाईओवर के आसपास ईंट मंडी लगती है। इस मंडी की ट्रैक्टर ट्रलियों से इससे पहले भी हादसे हुए और हंगामे भी होते रहे। पुलिस हर बार लोगों को आश्वासन देकर शांत करा देती है। मामला शांत होने के बाद फिर मंडी सजने लगती है। सभी ट्रैक्टर ट्रलियों का संचालन अवैध रूप से किया जाता है। आरोप तो लम्बे समय से यही लगते रहे कि यहां से पुलिस की अवैध वसूली होती है जिसके कारण इस पर रोक नही लग पता है।

Share this story