PM मोदी से मिले सपा सांसद वीरेंद्र सिंह, थियोसोफिकल सोसायटी की संपत्तियों और किसानों के मुआवज़े का मुद्दा उठाया

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली/चंदौली। चंदौली लोकसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के सांसद वीरेंद्र सिंह ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर जनहित से जुड़े दो अहम मुद्दे उनके समक्ष रखे। सांसद ने प्रधानमंत्री को इंडियन सेक्शन ऑफ द थियोसोफिकल सोसायटी की संपत्तियों में कथित हेराफेरी और कुछ लोगों को लाभ पहुंचाने से जुड़े दस्तावेजी साक्ष्य सौंपे। इसके साथ ही उन्होंने चंदौली के किसानों को उनकी जमीन का उचित मुआवज़ा दिलाने के लिए सर्किल रेट बढ़ाने की मांग भी की।

थियोसोफिकल सोसायटी की संपत्तियों में कथित अनियमितताओं का मामला उठाया
सांसद वीरेंद्र सिंह ने प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर इसकी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि इंडियन सेक्शन ऑफ द थियोसोफिकल सोसायटी की संपत्तियों में कथित हेराफेरी और चहेते लोगों को लाभ पहुंचाने के आरोपों से संबंधित दस्तावेजी साक्ष्य प्रधानमंत्री को सौंपे गए हैं। उन्होंने इस पूरे मामले में निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की अपेक्षा जताई।

चंदौली के किसानों के लिए बढ़ाने की मांग की सर्किल रेट
प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान सांसद ने चंदौली के किसानों की समस्या भी प्रमुखता से उठाई। उन्होंने कहा कि जिले में भूमि का सर्किल रेट अन्य राज्यों की तुलना में काफी कम है, जिसके कारण भूमि अधिग्रहण की स्थिति में किसानों को उचित मुआवज़ा नहीं मिल पाता। उन्होंने मांग की कि चंदौली की जमीन का सर्किल रेट बढ़ाया जाए, ताकि किसानों को न्यायोचित मुआवज़ा मिल सके और उनके हितों की रक्षा हो।

'जनता की संपत्ति और किसानों के हक की लड़ाई जारी रहेगी'
सांसद वीरेंद्र सिंह ने अपने संदेश में कहा कि जनता की संपत्ति की कथित हेराफेरी हो या किसानों के अधिकारों का प्रश्न, वह इन मुद्दों पर चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने कहा कि जनता के हितों की रक्षा और किसानों को उनका अधिकार दिलाने के लिए उनकी लड़ाई आगे भी जारी रहेगी। प्रधानमंत्री से हुई इस मुलाकात को उन्होंने जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को सीधे सर्वोच्च स्तर तक पहुंचाने की पहल बताया।

Share this story