बलुआ : ट्रैक्टर की चपेट में आने से महिला की मौत, घटना से नाराज ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

CHANDAULI

चंदौली। बलुआ थाना के सुरतापुर गांव में शनिवार की सुबह ट्रैक्टर की चपेट में आने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। इलाज के लिए उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य चहनियां भर्ती कराया गया। हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया। वहीं चालक मौके से फरार हो गया। 

सुरतापुर गांव निवासी पूजा मिश्रा (35) शनिवार की सुबह पति मनीष मिश्रा के साथ बाइक से मकर संक्रांति पर गंगा स्नान के लिए बलुआ जा रही थी। जैसे ही गांव के बाहर पहुंचे, तभी सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। वहीं ट्रैक्टर की चपेट में आने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटनास्थल पर जुटे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल महिला को चहनियां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। यहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। हालांकि घायल महिला ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। 

इसकी जानकारी होते ही कोहराम मच गया। हादसे से परिजन सदमे में रहे। वहीं आक्रोशित ग्रामीणों ने विरोध-प्रदर्शन किया। उनका कहना रहा कि गांव का मार्ग काफी नीचे है। जब भी लोग मुख्य मार्ग चहनियां से धानापुर जाते हैं तो ऊपर चढ़ने पर कुछ दिखाई नहीं देता है। इससे आएदिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। मार्ग की मरम्मत कराकर मुख्य मार्ग के लेबल में करने की मांग पिछले काफी से की जा रही है, ताकि हादसों पर लगाम लग सके, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। चेताया कि यदि मार्ग का लेबल सही नहीं किया गया तो चक्काजाम व उग्र आंदोलन के लिए विवश होंगे। अशोक सिंह, नीरज सिंह, सुभाष मिश्रा, विकास गुप्ता, रामसजन, संतोष मिश्रा, मुन्नवर  अली आदि रहे।

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story