माटी गांव में खोदाई के दौरान निकले गुप्तकालीन अवशेष, तीन मिट्टी के घड़े व तांबे का टुकड़ा मिलने से पुरातत्वविद उत्साहित

चंदौली। काशी हिंदू विश्वविद्यालय पुरातत्व विभाग की ओर से जिले के माटी गांव में मंगलवार को खोदाई के दौरान जमीन के नीचे मिट्टी के तीन घड़े मिले। तांबे का एक छोटा टुकड़ा भी मिला है। इससे पुरातत्वविद उत्साहित हैं।
जनपद में माटीगांव के प्राचीन शिव मंदिर परिसर के समीप खोदाई कराई जा रही है। पांच दिनों तक उत्खनन में जमीन के दो मीटर नीचे शिवालय का ढांचा मिल चुका है। यहां फर्श, 10 मीटर लंबी दीवार, भगवान विष्णु की खंडित प्रतिमा मिली है। मंगलवार को खोदाई में तीन घड़े मिले। इसमें एक पात्र में चांदी के मनके (डिजाइन) बनी हुई है। तांबे का टुकड़ा भी मिला है।
ये भी पढ़ें- स्टंट के चक्कर में झूले से गिरकर बालक की मौत, नाराज लोगों ने किया चक्काजाम
उत्खनन कार्य के निदेशक डॉक्टर विनय कुमार ने बताया कि आकर्षक ईंटें गुप्त अथवा कुषाणकालीन हो सकती हैं। खोदाई का कार्य अब जल्द ही अपने निष्कर्ष पर पहुंचने वाला है। खोदाई के दौरान प्राप्त पुरातात्विक अवशेषों से प्राचीन सभ्यता की पुष्टि हुई है। टीम में डॉक्टर अनिल कुमार दुबे, शोधार्थी छात्र अभिषेक कुमार सिंह, राहुल त्यागी और परमदीप पटेल शामिल रहे।