धान नहीं खरीदा तो फूकेंगे किसान, अधिकारियों के खिलाफ कराएंगे मुकदमा

चंदौली। जिले में धान खरीद की प्रक्रिया सुचारू न होने से नाराज किसानों ने मंगलवार को मुख्यालय स्थित धरनास्थल पर धरना दिया। इस दौरान अधिकारियों पर धान खरीद में लापरवाही का आरोप लगाया। चेताया कि यदि शीघ्र धान नहीं खरीदा गया तो अनाज फूंककर विरोध जताएंगे। वहीं न्यायालय के जरिए अफसरों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा।
विधानसभा चुनाव के दौरान धान खरीद की प्रक्रिया सुस्त है। इसकी वजह से किसानों को दिक्कत हो रही है। किसानों ने इसको लेकर अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कोई लाभ नहीं हुआ। इससे नाराज किसानों ने आंदोलन की राह पकड़ी है। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के मंडल प्रवक्ता मणिदेव चतुर्वेदी ने कहा कि सदर एसडीएम अनिवाश कुमार के आश्वासन पर किसान पांच दिनों से ट्रैक्टर पर धान लादकर खड़े है। दर्जन भर ऐसे भी किसान है, जिनका धान की तौल करा दी ली गई, लेकिन अभी तक अंगूठा नहीं लगवाया गया। जब तक अंगूठा नहीं लगेगा, तब किसानों के खाते में पैसा नहीं जाएगा। अधिकारियों की नाकामी की वजह से किसानों के ऐसे दिन देखने पड़ रहे हैं। बोले, किसान खुले आसमान के नीचे ट्रैक्टरों के साथ रात गुजारने पर मजबूर हैं। मंडल अध्यक्ष जितेंद्र प्रताप तिवारी ने कहा कि जब तक किसानों के साथ न्याय नहीं होगा, तब तक धरना चलता रहेगा। अखिल भारतीय किसान महासभा के जिलाध्यक्ष श्रवण कुमार मौर्या ने कहा कि जनहित के मुद्दे पर सभी संगठन मिलकर लड़ेंगे। कहा कि किसानों के धान खरीद प्रकिया सात मार्च तक थी, पांच तारीख से क्रय केंद्र से संबंधित केंद्र संचालक और विपणन अधिकारी चुनाव ड्यूटी में संलग्न थे। इसके चलते तीन दिन खरीद पूरी तरह से ठप रही। यदि शीघ्र अनाज नहीं खरीदा गया तो अनाज फूंककर विरोध जताएंगे। न्यायालय की मदद से अधिकारियों पर मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा। संयुक्त किसान मोर्चा की अगुवाई में आंदोलन चलाने का निर्णय लिया गया। रंकज सिंह, गोपाल सिंह, राजेश सिंह, अमेरिकन पांडेय, चुल्हन राम, प्रभावती देवी, ओमप्रकाश, वीरेंद्र यादव, अभय कुमार पटेल, सदानंद मौर्या, ओमप्रकाश मौर्या, अमरनाथ यादव, रामसुधार प्रजापति रहे।