स्मार्टफोन पाकर छात्र-छात्राओं के चेहरे पर दिखी खुशी, राज्यमंत्री ने गिनाई सरकार की उपलब्धियां

चंदौली। पीडीडीयू नगर स्थित लालबहादुर डिग्री कालेज में शनिवार को छात्र-छात्राओं में स्मार्ट फोन का वितरण किया गया। राज्यमंत्री दयाशंकर मिश्रा उर्फ दयालु ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्व् लित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। राज्यमंत्री व मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल ने बच्चों में स्मार्टफोन का वितरण किया। इस दौरान केंद्र और प्रदेश सरकारों की उपलब्धियां गिनाईं। साथ ही बच्चों से मेहनत के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
महाविद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना व स्वागत गीत की प्रस्तुति से सबका मन मोह लिया। राज्यमंत्री ने कहा कि सरकार शिक्षा को आधुनिक बनाने व रोचक बनाने की दिशा में काम कर रही है। छात्र-छात्राएं स्मार्टफोन का सकारात्मक प्रयोग करें। सीएम योगी नेतृत्व में प्रदेश निरंतर विकास की ओर अग्रसर है। छात्र-छात्राओं को आधुनिक व तकनीकी शिक्षा से जोड़ने के लिए स्मार्ट फोन दिया जा रहा है। स्मार्ट फोन की मदद से छात्र-छात्राएं देश-दुनिया के बारे में बहुत सी जानकारी हासिल कर सकते हैं। वहीं कोर्स के बारे में भी जानकारी मिल जाएगी। कहा कि छात्रों को पढ़ाई के दौरान सरकार छात्रवृत्ति व शुल्क प्रतिपूर्ति जैसी सुविधाएं दे रही है। ऐसे छात्र भी पढ़ाई के दौरान केवल अपने लक्ष्य को निर्धारित करके कठिन परीश्रम करने में जुटे रहे। विधायक रमेश जायसवाल ने भी सरकार के विकास कार्यों व उपलब्धियों की जानकारी दी। कालेज के प्रबंधक राजेश तिवारी, प्राचार्य डा. उदयन मिश्र, एसडीएम मनोज पाठक, प्रमोद तिवारी, सियाराम पाठक, मनीष गुप्ता, दीनबंधु तिवारी, संजय पांडेय, कामेश सिंह, सीताराम यादव, हर्षवर्धन सिंह रहे।