चंदौली के धानापुर में बाइक सवार बदमाशों ने युवक को मारी गोली, हालत गंभीर, छानबीन में जुटी पुलिस 

Chandauli

चंदौली। धानापुर थाना के बिझवल गांव के समीप शुक्रवार को बाइक सवार बदमाशों ने युवक को गोली मार दी। गोली युवक की पसली में लगी। घायल को धानापुर सीएचसी में भर्ती कराया गया। यहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने रेफर कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए। सूचना के बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई। पुलिस घटना की छानबीन में जुटी है। 


सोनहुली गांव के रहने वाले धर्मेंद्र यादव (35) शुक्रवार को बाइक से कहीं जा रहा था। जैसे ही बिझवल गांव के समीप पहुंचा, तभी एक बाइक पर सवार होकर आए दो बदमाशों ने तमंचा निकालकर धर्मेंद्र की पीठ में सटाकर दो फायर झोंक दिए। गोली लगने के बाद धर्मेंद्र लड़खड़ाकर गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग घटनास्थल पर पहुंचे। जब तक बदमाश फरार हो गए। लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। यहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने रेफर कर दिया। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुंच गए। थानाध्यक्ष विनय प्रकाश सिंह ने कहा कि घटना की छानबीन की जा रही है। इसके पीछे कारणों का पता लगाया जा रहा है। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए नाकेबंदी कर दी गई है। 

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story