होम्योपैथिक दवाएं अपेक्षाकृत सुरक्षित, सस्ती और सुलभ होती हैं : डॉ. रामनारायण सिंह

 


होम्योपैथी के जनक डॉ सैमुअल हैनीमैन का मनाया गया जन्मदिवस

जौनपुर, 10 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में शुक्रवार को होम्योपैथी के जनक डाॅक्टर सैमुअल हैनीमैन का जन्मदिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भारत विकास परिषद की शौर्य शाखा द्वारा प्रतिष्ठित होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. रामनारायण सिंह के आवास पर कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने डाॅक्टर सैमुअल हैनीमैन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसकी शुरुआत हैनीमैन द्वारा की गई थी और आज भी यह चिकित्सा पद्धति प्रभावी रूप से प्रचलित है।

वक्ताओं ने कहा कि होम्योपैथिक दवाएं अपेक्षाकृत सुरक्षित, सस्ती और सुलभ होती हैं। उन्होंने बताया कि इस चिकित्सा पद्धति में रोग को जड़ से समाप्त करने की क्षमता होती है और इसके दुष्प्रभाव भी बहुत कम होते हैं। साथ ही प्राचीन समय में भी यह चिकित्सा आम लोगों की पहुंच में थी। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारत विकास परिषद के अध्यक्ष अवधेश गिरी ने की जबकि संचालन जनार्दन पांडे ने किया। अंत में डॉ. रामनारायण सिंह ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया और आशुतोष सिंह ने आगंतुकों का स्वागत किया। इस अवसर पर नित्यानंद पांडे, जयशंकर सिंह, अतुल जायसवाल, संतोष सिंह, प्रदीप श्रीवास्तव, सुधीर सिंह, गौरव शर्मा और सत्येंद्र सिंह सहित कई लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव