हिंदू राष्ट्र की कामना लेकर संतोष दुबे कर रहे दंडवत यात्रा
मीरजापुर, 23 फ़रवरी (हि.स.)। आस्था और संकल्प की अनोखी मिसाल पेश करते हुए उत्तर प्रदेश के भदोही जनपद के देवनाथपुर (ज्ञानपुर) निवासी संतोष दुबे इन दिनों दंडवत यात्रा कर मां विंध्यवासिनी के दरबार की ओर बढ़ रहे हैं। सड़क पर लेट-लेटकर आगे बढ़ते संतोष दुबे को देखने के लिए राहगीरों की भीड़ जुट जा रही है।
संतोष दुबे ने बताया कि वे पिछले 12 वर्षों से नंगे पांव मां के दर्शन करने जाते रहे हैं, जबकि इस बार लगातार दूसरे वर्ष दंडवत (लेटते हुए) यात्रा कर रहे हैं। पिछले रविवार को अपने गांव से यात्रा शुरू कर सातवें दिन सोमवार को चील्ह थाना क्षेत्र के मवैया गांव (चील्ह-गोपीगंज मार्ग) तक पहुंच गए।
उन्होंने कहा कि उनका संकल्प देश को हिंदू राष्ट्र बनाने, गौ माता को राष्ट्र पशु का दर्जा दिलाने तथा हर गांव में मंदिर निर्माण कर वहां सरकारी खर्च से पुजारी नियुक्त कराने का है। जब तक यह संकल्प पूरा नहीं होगा, तब तक वे हर वर्ष इसी तरह दंडवत यात्रा करते हुए मां विंध्यवासिनी के दर्शन करने जाते रहेंगे। यात्रा के दौरान उनके परिजन भी साथ चलकर सहयोग कर रहे हैं। कठिन साधना और अटूट आस्था के साथ बढ़ते इस भक्त को देखने वाले लोग इसे दृढ़ विश्वास और तपस्या का प्रतीक मान रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा