हाथरस : मंडलायुक्त ने सदर तहसील में सुनीं फरियादियों की समस्याएं
हाथरस, 03 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस जनपद की सदर तहसील में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में अलीगढ़ मंडलायुक्त ओपी आर्य ने जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा की मौजूदगी में फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल पोर्टल पर दर्ज करने तक सीमित न रहे। अधिकारी मौके पर जाकर शिकायत की वास्तविक स्थिति की जांच करें और प्रभावी समाधान कराएं। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि को प्राथमिकता दी जाए, ताकि लोगों को एक ही समस्या के लिए बार-बार अधिकारियों के चक्कर न लगाने पड़ें। लापरवाही या शिकायत लंबित रखने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। बाल विकास विभाग के स्टॉल पर गर्भवती महिलाओं, बच्चों और नवजातों के पोषण एवं स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने को कहा।
इस दौरान मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के लाभार्थियों को पांच-पांच लाख रुपये तथा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के दो लाभार्थियों को उद्योग स्थापना के लिए पांच-पांच लाख रुपये के डेमो चेक वितरित किए गए।
सदर तहसील में कुल 133 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 12 का मौके पर निस्तारण किया गया। सिकंदराराऊ में 80 में से चार, सादाबाद में 112 में से 12 और सासनी में 14 में से चार शिकायतों का निस्तारण मौके पर किया गया। समाधान दिवस में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना