हवन-पूजन और भव्य शोभायात्रा संग हर्षोल्लास से मनी महर्षि कश्यप जयंती

 






गोरखपुर, 15 सितंबर (हि.स.)। कसौधन वैश्य कल्याण समिति गोरखपुर की ओर से महर्षि कश्यप जयंती श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कसौधन पंचायती मंदिर, शेषपुर में विधिविधान से हवन-पूजन, आरती और सामूहिक पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद शाम को दुर्गा मंदिर, लालडिग्गी से महर्षि कश्यप ऋषि की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में समाज के हजारों लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पूरे आयोजन के दौरान ‘महर्षि कश्यप की जय’, ‘कसौधन समाज जिंदाबाद’ और ‘कसौधन एकता जिंदाबाद’ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

सुबह कसौधन पंचायती मंदिर शेषपुर में महर्षि कश्यप की सामूहिक पूजा-अर्चना के साथ हवन और आरती हुई। समिति के पदाधिकारियों एवं समाज के लोगों ने विधिवत पूजन कर महर्षि कश्यप का स्मरण किया और समाज की सुख-समृद्धि एवं एकता की कामना की।

आरती के बाद रथ खींचकर किया। शोभायात्रा का शुभारंभ

शाम को दुर्गा मंदिर लालडिग्गी से निकली शोभायात्रा का शुभारंभ मुख्य अतिथि राष्ट्रीय अध्यक्ष इंजीनियर बजरंग बली, विशिष्ट अतिथि महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, भाजपा महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष भाजपा राजेश गुप्ता, पूर्व महापौर डॉ. सत्या पांडेय तथा कसौधन वैश्य कल्याण समिति के अध्यक्ष अशोक गुप्ता ने आरती करने के बाद रथ खींचकर किया।

इससे पूर्व समिति की ओर से कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों और समाज के गणमान्य लोगों का तिलक लगाकर एवं पट्टिका पहनाकर स्वागत-अभिनंदन किया गया।

पीले परिधान में नजर आई समाज की एकजुटता

शोभायात्रा में कसौधन समाज की एकजुटता और सांस्कृतिक रंग देखते ही बना। बड़ी संख्या में महिलाओं और पुरुषों ने पीले वस्त्र धारण किए और हाथों में ‘ॐ’ अंकित पीले पताके लेकर यात्रा में शामिल हुए। भक्तिमय गीतों के बीच महिलाएं और युवा उत्साहपूर्वक थिरकते नजर आए। महिलाओं की मनोहारी डांडिया प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

शोभायात्रा में आकर्षक धार्मिक एवं सांस्कृतिक झांकियां, ढोल-नगाड़े, बैंड-बाजा, घोड़े और डीजे के साथ बड़ी संख्या में समाज के युवक-युवतियां, बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल हुए। मार्ग में जगह-जगह लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय