हरियाली अमावस्या पर श्रद्धालुओं ने श्रद्धा भाव के साथ की गोरखगिरि परिक्रमा
-बुंदेलखंड की खुशहाली और तरक्की के लिए की प्रार्थना
महोबा, 12 अगस्त (हि.स.)।यूपी के महोबा में श्रावण मास की हरियाली अमावस्या पर बुधवार को श्रद्धालुओं ने धार्मिक आस्था के प्रमुख केन्द्र एवं गुरू गोरखनाथ की तपोभूमि गोरखगिरि की 5 किलोमीटर लंबी परिक्रमा लगा बुंदेलखंड की खुशहाली व तरक्की के लिए मंदिरों में प्रार्थना की है।
बुधवार को गोरखगिरि परिक्रमा की अगुवाई कर रहे बुंदेली समाज के संयोजक तारा पाटकर बुंदेलखंडी ने बताया कि परिक्रमा हर बार की भांति इस बार भी ऐतिहासिक शिवतांडव मंदिर से प्रारंभ हुई। उसके बाद पठवा के हनुमान जी, महावीरन, केदारेश्वर महादेव, सकरे सन्या, छोटी चंडिका, काली माता, शनिदेव, वैष्णो देवी, खो खो माता, राम दरबार, नागौरिया, बालाजी हनुमान व काल भैरव होते हुए वापस शिवतांडव मंदिर में संपन्न हुई।
उन्होंने बताया कि हरियाली अमावस्या पर कामदगिरि की परिक्रमा लगाने के लिए हजारों लोग पैदल चलकर चित्रकूट पहुंचते हैं लेकिन स्थानीय लोग गोरखगिरि पर्वत की परिक्रमा को भी कामदगिरि जैसा ही पुण्य फलदायी मानते हैं। प्रभु श्रीराम का गोरखगिरि पर्वत से भी गहरा नाता रहा है। भगवान श्री राम वनवास काल के दौरान चित्रकूट से अक्सर यहां आते थे।
परिक्रमा में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष दिलीप जैन, डाॅ. देवेन्द्र पुरवार, अवधेश गुप्ता, संतोष पटैरिया, प्रेम, अजय व प्रवीण चौरसिया, गया प्रसाद, सिद्धे सेन, नीरज, प्रहलाद व अन्नू पुरवार, अंकित पासी, महेन्द्र, मुन्ना व दीपू सोनी, माधव खरे, गोविन्द विश्वकर्मा व विपिन भाखरी समेत अन्य भक्त मौजूद रहे ।
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी