हनुमान जन्मोत्सव पर निकलेगी भव्य शोभायात्रा, 105 फीट लम्बी पूँछ होगी मुख्य आकर्षण का केंद्र

 


फिरोजाबाद, 30 मार्च (हि.स.)। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पसीना वाले चिंताहरण, मारूतिनन्दन, लम्बी पूँछ वाले हनुमान बाबा के जन्मोत्सव पर 16वां तीन दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन होगा। जिसमें हनुमान जी की 105 फीट लंबी पूंछ आकर्षण का केंद्र होगी।

यह जानकारी अध्यक्ष शिव प्रकाश जादौन एडवोकेट ने सोमवार को देते हुए बताया कि 01 अप्रैल को बुधवार को मन्दिर पर ध्वजारोहण, नेजा कार्यक्रम सुबह 09:00 बजे, 02 अप्रैल गुरूवार को समय सांय 05:00 बजे एक विशाल शोभायात्रा राधाकृष्ण मन्दिर से प्रारम्भ होकर घण्टाघर, बजरिया, चन्द्रवार गेट, रामनगर, छारबाग तिराहा, सोफीपुर, नगला चूरा, तिवारी गढ़ी पुलिया से होते हुये ग्राम चन्द्रवार पसीना वाले हनुमान बाबा मन्दिर पर सम्पन्न होगी। शोभायात्रा में करीब दो दर्जन झांकियों, तीन वैण्ड, 6 डी.जे. व काली स्वरूप, राधा स्वरूप होंगे एवं हनुमान बाबा की करीब 105 फीट लम्बी पूँछ शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण केन्द्र होगी। जिसको भक्त अपने कांधे पर लेकर करीब 10 कि०मी० पैदल चलेंगे। 03 अप्रैल को मन्दिर परिसर पर प्रसाद वितरण सांय 4 बजे से व सांय 7 बजे से बाबा का विशाल जागरण होगा। जिसमें आगरा के मशहूर कलाकार राजा सांवरिया, कानपुर से मानसी त्रिवेदी आदि लोगों की प्रस्तुति होगी।

उन्होंने सभी भगवान के भक्तों से ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुँचकर धर्म लाभ उठाने की अपील की है।

इस मौके पर राजकुमार यादव उर्फ राजू चौधरी मुख्य मेला व्यवस्थापक, नवीन कुलश्रेष्ठ, प्रमोद यादव, अवधेश कुमार पाठक, पं० मनोज शर्मा, चन्द्रशेखर गुप्ता, विनोद कुमार उर्फ बंटी, श्रीचन्द्र प्रजापति, डा० अनिल कुमार कुलश्रेष्ठ, ठा० शिव कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़