स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की 26 जून को मुरादाबाद पहुंचेगी गोरक्षा व हिंदू सुरक्षा यात्रा
मुरादाबाद, 04 जून (हि.स.)। जगदगुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद महाराज की गोरक्षा और हिंदू सुरक्षा को लेकर निकाली जा रही यात्रा 26 जून को उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद पहुंचेगी। महानगर व अन्य तहसीलों में शिव सैनिकों की ओर से भगवा ध्वज लगाकर धर्म सभाओं का आयोजन किया जाएगा।
तैयारियों को लेकर गुरुवार को शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट के जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा ने कहा कि 26 जून को जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद महाराज की यात्रा का आगमन जिले में होगा। यात्रा धर्म सभाओं की तैयारी के लिए शिवसेना (युवा) के पदाधिकारियों की बैठक महानगर के साथ-साथ ठाकुरद्वारा, कांठ व बिलारी आदि तहसीलों में भी जाएगी। जहां-जहां यात्रा जाएगी, वहां शिव सैनिकों के संयोजन में धर्मसभाओं का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रमुख ने आगे कहा कि शिवसेना अब मुरादाबाद महानगर के नाम को बदलकर राजा राम सिंह नगर रखने की मांग को प्रमुखता से उठाएगी। बैठक में कमल सिंह राव, मुदित उपाध्याय, शिवभू पांडे, आकाश सिंह, मयंक सैनी, अरुण ठाकुर, रोहतास सिंह, कैलाश कुमार, विक्की कश्यप, अंकित, हर्ष सिंह, विशाल सैनी आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल