सोनभद्र में 257 करोड़ रुपये की लागत से बिछेगा 86 किमी लंबी सड़कों का जाल
सोनभद्र, 21 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के आदिवासी बाहुल्य सोनभद्र जिले के पिछड़ापने की पहचान को खत्म कर विकसित व सुव्यवस्थित जिला बनाने के क्रम में योगी सरकार ने जिले में 257 करोड़ रुपए से 86 किलोमीटर की सड़कों का जाल बिछाने का निर्णय लिया है। सड़क निर्माण के संबंध में जल्द ही सर्वे व टेंडर प्रक्रिया संपन्न कराने के साथ ही सड़क निर्माण कार्य जल्द ही शुरू कराया जाएगा। इन सड़कों के बन जाने से चार राज्यों की सीमा से घिरे सोनभद्र की दूसरे जनपदों व राज्यों से कनेक्टिविटी बेहतर हो जाएगी।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्हाेंने बताया कि बेहतर कनेक्टिविटी से उद्योगों के लिए कच्चे माल और तैयार उत्पादों की ढुलाई का समय और लागत बहुत कम हो जाएगी। उन्हाेंने बताया कि सरकार ने साेनभद्र जिले में निवेश अनुकूल माहौल बनाया। जिसके बाद बड़ी कंपनियों ने जिले में निवेश कर रही है। जनपद में विकास कार्य भी तेजी से चल रहे हैं। इसी कड़ी में जिले में लगभग 86 किमी. की छह सड़कों का निर्माण लगभग 257 करोड़ रुपये की लागत से कराने के लिए जल्द ही सर्वे व टेंडर प्रक्रिया संपन्न कराने के साथ ही सड़क निर्माण कार्य जल्द ही शुरू कराया जाएगा। इन सड़कों के बन जाने से चार राज्यों की सीमा से घिरे सोनभद्र की दूसरे जनपदों व राज्यों से कनेक्टिविटी बेहतर हो जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि बेहतर कनेक्टिविटी से उद्योगों के लिए कच्चे माल और तैयार उत्पादों की ढुलाई का समय और लागत बहुत कम हो जाएगी।
जिलाधिकारी चर्चित गोड़ ने बताया की प्रस्तावित छह सड़कों में सलैयाडीह से खरौंदी तक दो लेन सड़क का निर्माण कराया जाएगा । 15.84 किमी की सड़क के निर्माण की अनुमानित लागत 61.65 करोड़ रुपये है। इसी तरह बखिरवा से स्वागत गेट बीजपुर तक 20.17 किमी. दो लेन सड़क के निर्माण में 49 करोड़ रुपये खर्च आने का अनुमान है। औडी मोड़ अनपरा से शक्ति नगर तक 18.42 किमी की चार लेन सड़क के निर्माण में 55.72 करोड़ रुपये खर्च होंगे। औडी मोड़ अनपरा से मध्य प्रदेश के मिर्चाधूरी रेलवे स्टेशन तक 12.15 किमी. डेढ़ लेन सड़क का निर्माण कराया जाएगा, जिस पर 24.70 करोड़ रुपये व्यय होने का अनुमान है। जिलाधिकारी ने बताया कि नधिरा से बखिरवा तक 10 किमी. सड़क के निर्माण में 1.60 करोड़ रुपये व डिब्लूगंज से जोगेनदरा तक 10 किमी. सड़क निर्माण कराया जाएगा जिस पर लगभग 64.50 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
हिन्दुस्थान समाचार / पीयूष त्रिपाठी