सेवार्थ विद्यार्थी की पहल: 300 से अधिक विद्यार्थियों की हुई निःशुल्क नेत्र जांच

 






गोरखपुर, 08 सितंबर (हि.स.)। सेवार्थ विद्यार्थी, गोरक्ष प्रांत एवं संगम आई हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA), गोरखपुर के सचिव एवं नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. वाई. सिंह, सेवार्थ विद्यार्थी की डॉ. बीना कुशवाहा, गोरक्ष प्रांत के संयोजक आकाश सिंह एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, गोरखपुर महानगर के अध्यक्ष डॉ. विवेक शाही ने संयुक्त रूप से किया।

सेवार्थ विद्यार्थी द्वारा आयोजित शिविर में विश्वविद्यालय के 300 से अधिक विद्यार्थियों एवं शिक्षकों सहित अन्य सदस्यों की नेत्र जांच की गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने प्रतिभागियों की आंखों की विस्तृत जांच करते हुए दृष्टि संबंधी समस्याओं की पहचान की तथा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं सुझाव प्रदान किए। इस दौरान विद्यार्थियों को आंखों की नियमित जांच, उचित देखभाल एवं नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ दृष्टि के महत्व की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, गोरखपुर के सचिव एवं नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. वाई. सिंह ने कहा कि सेवार्थ विद्यार्थी द्वारा विद्यार्थियों के बीच इस प्रकार के नेत्र जांच शिविर का आयोजन अत्यंत सराहनीय पहल है। आज बड़ी संख्या में विद्यार्थी ऑनलाइन माध्यम से शिक्षा ग्रहण करते हैं और लंबे समय तक मोबाइल, लैपटॉप एवं अन्य डिजिटल उपकरणों के संपर्क में रहते हैं, जिसका प्रतिकूल प्रभाव उनकी आंखों के स्वास्थ्य पर पड़ सकता है। ऐसे में समय-समय पर नेत्र जांच एवं आंखों की उचित देखभाल के प्रति जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्क्रीन टाइम को नियंत्रित करने, उचित दूरी बनाए रखने तथा नियमित रूप से आंखों की जांच कराने का आह्वान किया।

सेवार्थ विद्यार्थी, गोरक्ष प्रांत के संयोजक आकाश सिंह ने कहा कि “नर सेवा नारायण सेवा” हमारे लिए केवल एक विचार नहीं, बल्कि सेवा कार्यों का ध्येय वाक्य भी है। इसी भावना और प्रेरणा से हम विद्यार्थियों के बीच सेवा एवं स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का निरंतर आयोजन करते हैं। हमारा उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा का भाव पहुंचाना और जरूरतमंदों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। नेत्र जांच शिविर भी इसी सेवा भाव की एक कड़ी है, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।

इस अवसर पर अभाविप की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य संपदा द्विवेदी, गोरखपुर विश्वविद्यालय इकाई अध्यक्ष विभांशु सिंह, अरविंद, अनुराग मिश्रा , विपुल सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय