सुशासन और विकास को नई गति प्रदान करेंगे नवनियुक्त मंत्री: पंकज चौधरी

 


लखनऊ, 10 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने रविवार को प्रदेश सरकार के सभी नवनियुक्त मंत्रिगणों को रविवार हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी मंत्रीगण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जनसेवा, सुशासन और विकास के संकल्प को नई गति प्रदान करेंगे।

उन्होंने पार्टी के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी सहित मनोज पांडेय, अजीत सिंह पाल, सोमेंद्र तोमर, कैलाश राजपूत, कृष्णा पासवान, सुरेन्द्र दिलेर एवं हंसराज विश्वकर्मा को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के मंत्री के रूप में आप सभी “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” की भावना को आत्मसात करते हुए प्रदेश के गरीब, किसान, युवा, महिला एवं वंचित वर्गों के कल्याण के लिए समर्पित भाव से कार्य करेंगे।

उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश सरकार के सभी नवनियुक्त मंत्री सेवा, सुशासन एवं ग़रीब कल्याण के संकल्प पर चल रही प्रदेश भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लक्ष्य को पूर्ण करने की दिशा में निरंतर नए आयाम स्थापित करेंगे।------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन