सुलतानपुर में इंटर की छात्रा का कुएं में कूदी, मौत

 


सुलतानपुर, 01 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के मिश्रौली गांव में एक छात्रा ने रविवार दोपहर को कुएं में कूद कर अपनी जान दे दी। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने उसके शव को निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के मिश्रौली गांव में पंकज मिश्रा का परिवार रहता है। पंकज मिश्रा परिवार के पालन-पोषण के लिए मुंबई में नौकरी करते हैं। घर पर उनकी पत्नी नीतू मिश्रा और बेटी नैन्सी व दो छोटे भाई-बहन प्रियांशी और आयुष रहते हैं। नैंसी ने हाल ही में इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा दी थी। रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे पंकज की 18 वर्षीय नैंसी मिश्रा कुएं में गिरने की सूचना पुलिस को मिली। कुएं में गिरने की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने कुएं में कांटा डालकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और छात्रा को बाहर निकालने के बाद तुरंत एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

उप निरीक्षक अखिलेश प्रताप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त