सुलतानपुर में 7 मृतकों के परिजनों को मिली 4-4 लाख की आर्थिक सहायता

 

सुलतानपुर, 01 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर में बुधवार को आए आंधी-तूफान में सात लोगों की मौत हो गई। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह के निर्देश पर सभी मृतकों के आश्रितों को राज्य आपदा मोचक निधि से 4-4 लाख रुपये की अहैतुक सहायता राशि वितरित की गई है। मृतकों में कुड़वार थानाक्षेत्र के पूरे शिववंश दुबे निवासी 20 वर्षीय महेंद्र तिवारी भी शामिल हैं। बिजली का खंभा गिरने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। महेंद्र अपनी बहन की शादी के लिए दस दिन पहले ही परदेस से घर लौटे थे। 7 मई को उनकी बहन की बारात आनी है।

बल्दीराय थानाक्षेत्र में दो लोगों की जान गई। कस्बा माफियात में सुरेश कुमार सोनकर की आठ वर्षीय बेटी महिमा की मौत छप्पर के मकान पर ईंट गिरने से हुई। वह कक्षा 3 की छात्रा थी। इसी थाना क्षेत्र के सिंघनी गांव में 58 वर्षीय रामबरन पुत्र शिवदास के घर पर तेज आंधी के कारण पेड़ गिर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पत्नी श्यामलली गंभीर रूप से घायल हो गईं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

हलियापुर थाना क्षेत्र के पूरे निधई तिवारी मजरे डोभियारा में 35 वर्षीय रीता पत्नी बम बहादुर की मौत कच्ची दीवार और छप्पर गिरने से हुई। रीता अपने पीछे तीन छोटे बच्चे छोड़ गई हैं। अखंडनगर थाना क्षेत्र के बरामदपुर गांव में आठ वर्षीय सुरेमन पुत्र विजय बहादुर की मौके पर ही मौत हो गई थी। इस हादसे में विकास (16) और किशन (11) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अम्बेडकरनगर भेजा गया था।

बंधुआकला के अलीगंज दाऊदपुर में घर के पास जामुन का पेड़ गिरने से 40 वर्षीय सुषमा गुप्ता पत्नी अरविन्द गुप्ता की मौत हो गई थी। कूरेभार थाना क्षेत्र के पटना मनीपुर में कच्ची दीवार में दबकर 70 वर्षीय केवला देवी की मौत हुई थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त