सुपरबग के खतरे से निपटने को एसजीपीजीआईएमएस में होगा मंथन
चिकित्सक की सलाह पर ही लें एंटीबायोटिक: प्रो. चिन्मय साहू
लखनऊ, 20 नवंबर (हि.स.)। संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआईएमएस) के माइक्रोबायोलॉजी एवं संक्रामक रोग विभाग संयुक्त रूप से शनिवार को विश्व रोगाणुरोधी जागरूकता सप्ताह 2026 मनायेगा। इस अवसर पर एसजीपीजीआईएमएस के टेलीमेडिसिन सभागार में कार्यक्रम आयोजित होगा। इस वर्ष की वैश्विक थीम है “वन हेल्थ, वन एक्शन: अभी रोकें रोगाणुरोधी प्रतिरोध (एएमआर)।”
कार्यक्रम के आयोजन सचिव प्रो. चिन्मय साहू ने बताया कि सतत चिकित्सा शिक्षा (सीएमई) कार्यक्रम की शुरुआत छात्र-छात्राओं की रंगोली प्रतियोगिता से होगी। उद्घाटन समारोह में एसजीपीजीआईएमएस एंटीबायोग्राम पुस्तिका का विमोचन किया जाएगा। यह पुस्तिका संस्थान के अपने प्रतिरोध संबंधी आंकड़ों के आधार पर चिकित्सकों को एंटीबायोटिक चुनने में मार्गदर्शन देगी।
आयोजन सचिव प्रो. चिन्मय साहू ने कहा, “हर कारगर इलाज की शुरुआत सही जाँच से होती है। इस कार्यक्रम के माध्यम से हम उत्तम प्रयोगशाला पद्धतियों, एंटीबायोटिक के विवेकपूर्ण उपयोग और संक्रमण नियंत्रण को बढ़ावा देना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि एंटीबायोटिक केवल चिकित्सक की सलाह पर लें, पूरा कोर्स करें और हाथों की स्वच्छता का ध्यान रखें।”
कार्यक्रम के बारे में आयोजन अध्यक्ष प्रो. रुंगमेई एस. के. मारक ने बताया कि “एंटीबायोटिक दवाएं आधुनिक चिकित्सा की सबसे बड़ी देन हैं, और इन्हें खोने का खतरा हमारे सामने है। प्रतिरोध मनुष्यों, पशुओं और पर्यावरण के बीच फैलता है, इसलिए हमारा प्रयास भी इन सभी को साथ लेकर होना चाहिए। मैं चिकित्सकों, विद्यार्थियों और आम जनता से आग्रह करती हूँ कि आने वाली पीढ़ियों के लिए इन दवाओं को बचाने में हमारा साथ दें।”
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन