सामूहिक नकल का मूल्यांकन में खुलासा, जांच शुरू
-करछना के परीक्षा केन्द्र पर हुई व्यापक स्तर पर गड़बड़ी
-ए कापी पर लिखकर काटा गया और बी कापी में सही लिखकर जोड़ा गया
-यूपी बोर्ड के सचिव ने दिया उच्च स्तरीय जांच-स्क्रीनिंग का आदेश
-अलीगढ़ के मूल्यांकन केन्द्र पर खुलासा, टीम को किया जाएगा सम्मानित
प्रयागराज, 25 मार्च (हि.स)। यूपी बोर्ड के हाईस्कूल और इण्टरमीडिएट की कापियों का मूल्यांकन चल रहा है। इस दौरान अलीगढ़ के एक मूल्यांकन केन्द्र पर प्रयागराज जिले के एक केन्द्र की कापियों के मूल्यांकन में इण्टर के रसायन विज्ञान और इतिहास की कापियों के मूल्यांकन के दौरान ए कापी में लिखे गये उत्तर को काटकर बी कापी के सही उत्तर की कापियों को नत्थी किया गया है। प्रथमदृष्ट्या कापियों को अलग से लिखकर जोड़ा गया है। मूल्यांकन में लगे शिक्षकों ने मामले की जानकारी यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह को दी तो उन्होंने सामूहिक नकल मानते हुए उच्च स्तरीय जांच और कापियों के स्क्रीनिंग का आदेश देते हुए मामले का खुलासा करने वाले मूल्यांकन में लगे शिक्षकों को सम्मानित करने का निर्णय लिया है।अलीगढ़ जिले के नौरंगीलाल इण्टरमीडिएट कालेज के मूल्यांकन केन्द्र पर प्रयागराज करछना के पं. अनंतराम पाण्डेय इण्टरमीडिएट कालेज, लेहारी, बसही के इण्टर के रसायन विज्ञान और इतिहास विषय की कापियों का मूल्यांकन चल रहा है। इस दौरान इन दोनों विषयों के कापियों के ए कापी में जो उत्तर लिखा गया था, वह काटकर दूसरी बी कापी में सही-सही लिखा गया था। इस मामले की जानकारी मूल्यांकन करने वाले शिक्षकों ने यूपी बोर्ड सचिव को लिखित दिया। सचिव भगवती सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उच्च स्तरीय जांच का आदेश दिया है।
सचिव ने यूपी बोर्ड के सभी अपर सचिव और प्रयागराज के डीआईओएस पीएन सिंह को आदेश दिया है कि करछना के सम्बंधित केन्द्र की कापियों का मूल्यांकन कहां-कहां हो रहा है, उसकी स्क्रीनिंग की जाये और परीक्षा केन्द्र पर लगे सीसीटीवी और परीक्षकों की जांच की जाए कि यह गड़बड़ी कहां पर और कैसे हुई है। सचिव ने बताया कि गड़बड़ी का खुलासा करने वाले मूल्यांकन उप नियंत्रक रवीन्द्र पाल सिंह, उप मुख्य परीक्षक संदीप रूहेला, परीक्षक देवेश गुप्ता, धर्मेंद्र कुमार, क्षेत्रपाल सिंह और अखिलेश कुमार उप परीक्षक को सम्मानित करने का निर्णय लिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र