सहायक आचार्य पुनर्परीक्षा शांतिपूर्ण सम्पन्न, एआई निगरानी में शामिल हुए 19,718 अभ्यर्थी

 




प्रयागराज, 18 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित सहायक आचार्य (विज्ञापन संख्या-51) की लिखित पुनर्परीक्षा शनिवार को प्रदेश के 06 जनपदों में सफलतापूर्वक सम्पन्न कराई गई। परीक्षा दो पालियों में आयोजित हुई, जिसमें कुल 19,718 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। यह जानकारी शनिवार को आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने दी।

उन्होंने बताया कि यह परीक्षा 17 विषयों—एशियन कल्चर, म्यूजिक तबला, शारीरिक शिक्षा, उर्दू, अंग्रेजी, समाजशास्त्र, रसायन विज्ञान, शिक्षा, जूलॉजी, बॉटनी, एग्रीकल्चरल इकोनॉमिक्स, हिंदी, विधि, एनिमल हसबेंड्री एंड डेयरींग, म्यूजिक वोकल, दर्शनशास्त्र और मानवशास्त्र—के लिए आयोजित की गई। परीक्षा का आयोजन आगरा, मेरठ, लखनऊ, प्रयागराज, गोरखपुर और वाराणसी के कुल 53 केंद्रों पर किया गया।

परीक्षा की निगरानी आयोग के एआई इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड रूम से की गई, जहां आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार, सचिव, परीक्षा नियंत्रक एवं अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में सभी केंद्रों पर कड़ी नजर रखी गई। परीक्षा केंद्रों पर लगे एआई कैमरों के माध्यम से अभ्यर्थियों की गतिविधियों की सतत निगरानी की गई।

इस दौरान लखनऊ के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, विनयखण्ड-4 गोमतीनगर स्थित परीक्षा केंद्र पर परीक्षा शुरू होने से पूर्व एक कक्ष में विद्युत वायरिंग में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत आग पर काबू पा लिया और परीक्षा को अन्य कक्ष में स्थानांतरित कर सुचारु रूप से सम्पन्न कराया।

आयोग ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा नकलविहीन, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुई। परीक्षा आयोजन में संबंधित जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों का सक्रिय सहयोग प्राप्त हुआ। कुल उपस्थित अभ्यर्थियों में 41.35 प्रतिशत महिलाएं एवं 58.65 प्रतिशत पुरुष अभ्यर्थी शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल