सहकारी गन्ना विकास समिति हरगांव की बैठक में गन्ना किसानों के हितों पर चर्चा
किसानों की सुविधा के लिए रिवाल्विंग फंड की होगी व्यवस्था
सीतापुर, 28 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में सहकारी गन्ना विकास समिति हरगांव के सभागार में शनिवार को सामान्य निकाय बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी सत्र के कार्यों की रूपरेखा तय की गई। बैठक में समिति के अध्यक्ष, संचालक मंडल व सामान्य निकाय के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष प्रतिनिधि दिनेश मिश्रा ने की, जबकि संचालन सचिव आनंद प्रकाश दुबे ने किया। सचिव ने पिछली बैठक की कार्यवाही पढ़कर सुनाई, जिसे उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से अनुमोदित किया। उन्होंने वित्तीय विवरण प्रस्तुत करते हुए बताया कि वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित आय 10 करोड़ 27 लाख 8 हजार रुपये तथा व्यय 9 करोड़ 78 लाख 79 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं वर्ष 2024-25 तक समिति को कुल 61 करोड़ 44 लाख 90 हजार रुपये का सकल लाभ प्राप्त हुआ है।
सचिव ने बताया कि समिति से जुड़ी चीनी मिलों हरगांव, ऐरा, कुंभी एवं अजबापुर को गन्ने की आपूर्ति सफलतापूर्वक की गई है। किसानों की सुविधा के लिए रिवॉल्विंग फंड की व्यवस्था भी की जा रही है, जिससे खाद व अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
बैठक में ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक डॉ. सुनील कनौजिया ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। वहीं अधिशासी उपाध्यक्ष (गन्ना) शरद सिंह ने किसानों को मिल की सुविधाओं से अवगत कराया। इस मौके पर उपाध्यक्ष नत्थाराम, अशोक त्रिवेदी, महेंद्र दत्त मिश्रा, प्रदीप सिंह, यूनुस खान समेत बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Mahesh Sharma