समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना चिकित्सा विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी : डॉ. रजनी

 


देवरिया, 28 फ़रवरी (हि.स.)। आगामी

3 मार्च को विश्व श्रवण दिवस के पूर्व आज (शनिवार) को देवरिया जिले के महर्षि देवरा बाबा मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं द्वारा एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को कानों की नियमित देखभाल, श्रवण क्षमता की सुरक्षा तथा समय-समय पर श्रवण जांच कराने के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम की शुरुआत जागरूकता संदेश के साथ की गई, जिसमें बताया गया कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली और तेज ध्वनि प्रदूषण के कारण सुनने से संबंधित समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में समय पर सावधानी और नियमित जांच बेहद आवश्यक है।

कॉलेज की प्राचार्य डॉ. रजनी पटेल भी उपस्थित रहीं। उन्होंने छात्रों की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना चिकित्सा विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम न केवल जनहित में उपयोगी हैं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में भी सहायक होते हैं।

कार्यक्रम के माध्यम से कानों की स्वच्छता बनाए रखने के सही तरीके, तेज आवाज और लाउड म्यूजिक से होने वाले दुष्प्रभाव, लंबे समय तक ईयरफोन के उपयोग से होने वाली संभावित हानि तथा सुनने में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेने के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। छात्रों ने पोस्टर, स्लोगन और लघु प्रस्तुतियों के माध्यम से भी जागरूकता फैलाने का कार्य किया।

अंत में विद्यार्थियों ने संदेश दिया कि समय रहते जांच और सावधानी बरतने से श्रवण हानि को काफी हद तक रोका जा सकता है। कार्यक्रम को लेकर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला और उपस्थित लोगों ने भी इसे एक सराहनीय व प्रेरणादायक पहल बताया।

इस अवसर पर गगन, अनुकृति, प्रीति, सुशील, शिवम चौरसिया, आरुल विशेन, शिवांशी मिश्रा, सर्वेश गुप्ता, आंचल शुक्ला, निश्चम खतरी, अनुष्का राव, कृष्णा गुप्ता, अमोद त्रिपाठी, अनु शल चक तथा विकास गुप्ता सहित अन्य छात्र-छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। विद्यार्थियों ने मिलकर कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की और लोगों से सीधे संवाद स्थापित कर उन्हें जागरूक किया।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक