सफाई कर्मी ने नशे में प्रधान पर किया हमला, पुलिस ने हिरासत में लिया

 


सीतापुर, 19 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले की महोली ब्लॉक परिसर में गुरुवार दोपहर राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के प्रशिक्षण के दौरान उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक सफाईकर्मी ने कथित रूप से नशे की हालत में ग्राम प्रधान पर चप्पल से हमला कर दिया। घटना के बाद आक्रोशित प्रधानों ने ब्लॉक परिसर में जमकर हंगामा किया और कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने आरोपित सफाई कर्मी विश्वनाथ को हिरासत में ले लिया है।

ग्राम पंचायत महेवा के प्रधान सोनेलाल वर्मा के अनुसार आरोपित सफाई कर्मी विश्वनाथ उनकी पंचायत का निवासी है और रोहिला ग्राम पंचायत के पिपरझला मजरे में तैनात है। आरोपित के चचेरे भाई का नाम प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची से अपात्र पाए जाने पर हटा दिया गया था, जिसे लेकर वह रंजिश रखता है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपित सभागार में घुसकर गाली-गलौज करने लगा और अचानक चप्पल से हमला कर दिया।

एडीओ पंचायत प्रेम कुमार ने बताया कि आरोपित सफाई कर्मी विश्वनाथ ड्यूटी से अनुपस्थित था और नशे में विवाद कर रहा था। इंस्पेक्टर जेबी पांडेय ने कहा कि आरोपित को हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / Mahesh Sharma