शिक्षकों को उनके मूल कार्यक्षेत्र से इतर सौंपे जा रहे दायित्व : शान्ति भूषण वर्मा
मुरादाबाद, 18 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ उत्तर प्रदेश मुरादाबाद (प्राथमिक संवर्ग) के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार काे शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं एवं जनगणना ड्यूटी 2026 से संबंधित मुद्दों को लेकर जिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ममता मालवीय को सौंपा।
संघ के मंडल/जिलाध्यक्ष शान्ति भूषण वर्मा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षकों को उनके मूल कार्यक्षेत्र से इतर सौंपे जा रहे दायित्वों, विशेष रूप से जनगणना ड्यूटी से उत्पन्न हो रही व्यावहारिक कठिनाइयों को विस्तार से रखा। इस दौरान शिक्षकों के हितों एवं समस्याओं के समाधान के लिए सात सूत्रीय ज्ञापन भी सौंपा गया। प्रतिनिधिमंडल ने अवगत कराया कि शिक्षकों पर शैक्षणिक कार्यों के अतिरिक्त अन्य प्रशासनिक दायित्वों का अत्यधिक दबाव पड़ रहा है, जिससे शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने जनगणना ड्यूटी के संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने तथा शिक्षकों को अनावश्यक कार्यों से मुक्त रखने की मांग की।
अपर जिलाधिकारी ममता मालवीय ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि प्रस्तुत मांगों एवं समस्याओं पर संबंधित स्तर पर विचार कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। इस अवसर पर प्रदेश मंत्री डॉ. अनिल कुमार सिंह, जिला संयुक्त महामंत्री राजकुमार शर्मा, जिला मंत्री मंजू सैनी तथा मुंडापांडे ब्लॉक अध्यक्ष योगराज सिंह सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल