शाहजहांपुर स्टेशन पर लखनऊ देहरादून वंदे भारत का ठहराव शुरु
मुरादाबाद, 03 जून (हि.स.)। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल में शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर लखनऊ देहरादून वंदे भारत एक्सप्रेस के प्रथम ठहराव पर भव्य स्वागत कार्यक्रम बुधवार को हुआ। इस ऐतिहासिक अवसर पर जनप्रतिनिधियों, रेलवे अधिकारियों, सम्मानित नागरिकों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं रेल यात्रियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही।
लखनऊ से देहरादून जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस रेलगाड़ी संख्या 22545 शाहजहांपुर स्टेशन पर प्रातः 07:34 पर पहुंचेगी और 2 मिनट ठहराव के 07:36 पर चल देगी। वहीं देहरादून से लखनऊ जाने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस रेलगाड़ी संख्या 22546 शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर रात्रि 8:04 पर पहुंचेगी और 2 मिनट ठहराव के बाद 8:06 पर चलेगी।
मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने अपने सम्बोधन में वंदे भारत एक्सप्रेस के ठहराव की स्वीकृति प्रदान किए जाने हेतु प्रधानमंत्री एवं केन्द्रीय रेल मंत्री के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए जनप्रतिनिधियों, स्थानीय नागरिकों एवं रेल उपभोक्ताओं द्वारा किए गए सतत प्रयासों की सराहना करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया।
लखनऊ–देहरादून–लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस के शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर नियमित ठहराव के दौरान आयोजित स्वागत समारोह में राज्यसभा सांसद मिथलेश कुमार कठेरिया, विधान परिषद सदस्य डॉ. सुधीर गुप्ता, डीपीएस राठौर प्रतिनिधि जयेन्द्र प्रताप सिंह राठौर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सहकारिता विभाग, कौशल मिश्रा प्रतिनिधि जितिन प्रसाद केंद्रीय राज्य मंत्री, वाणिज्य एवं उद्योग तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी, शिल्पी गुप्ता महानगर अध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी शाहजहांपुर तथा केसी मिश्रा, जिलाध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी, शाहजहांपुर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
रेल प्रशासन की ओर से मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव, वरिष्ठ मंडल अभियंता (तृतीय) करन प्रीत सिंह सहित मंडल के अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन नरेंद्र त्यागी मुख्य टिकट निरीक्षक, शाहजहांपुर द्वारा किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल