शत-प्रतिशत नामांकन शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता : मृणाली अविनाश जोशी
मुरादाबाद, 06 अगस्त (हि.स.)। मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी ने गुरुवार को विकास खण्ड छजलैट के परिषदीय विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केन्द्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान प्राथमिक विद्यालय शाहपुर मुबारकपुर, उच्च प्राथमिक विद्यालय सराय खजूर तथा आंगनबाड़ी केन्द्र सराय खजूर का स्थलीय निरीक्षण किया गया। सीडीओ ने कहा कि स्कूलों में शत-प्रतिशत नामांकन शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस अवसर पर खण्ड शिक्षा अधिकारी, छजलैट भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने विद्यालयों की शैक्षिक एवं व्यवस्थागत स्थिति का गहन अवलोकन किया तथा विद्यालयों में सकारात्मक, अनुशासित एवं प्रेरणादायक शैक्षिक वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कक्षाओं, शौचालयों, हैंडवॉश एरिया एवं विद्यालय परिसर की साफ-सफाई का निरीक्षण करते हुए नियमित स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देशित किया कि विद्यालयों में नामांकित सभी बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। 06 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके प्रत्येक बच्चे का कक्षा-एक में अनिवार्य रूप से नामांकन कराया जाए। उन्होंने खण्ड शिक्षा अधिकारी को यह भी निर्देश दिए कि कोई भी बच्चा विद्यालय से बाहर न रहे तथा प्रत्येक बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा जाए।
निरीक्षण के दौरान मध्यान्ह भोजन (एमडीएम) की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं निर्धारित मेन्यू के अनुरूप भोजन प्रदान करने की समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी विद्यालयों में शासन द्वारा निर्धारित मानकों एवं मेन्यू के अनुसार ही गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए।
आंगनबाड़ी केन्द्र सराय खजूर के निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने आंगनबाड़ी केन्द्र पर नामांकित बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने, केन्द्र परिसर की नियमित साफ-सफाई बनाए रखने तथा सभी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने बाल विकास परियोजना अधिकारी, छजलैट को निर्देशित किया कि तीन वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी बच्चों का आंगनबाड़ी केन्द्र में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित कराया जाए, जिससे प्रत्येक पात्र बच्चे को प्रारम्भिक शिक्षा एवं पोषण सेवाओं का लाभ समय से प्राप्त हो सके।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वच्छ वातावरण, नियमित उपस्थिति तथा शत-प्रतिशत नामांकन शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में हैं। इन सभी बिंदुओं पर संबंधित अधिकारियों द्वारा निरंतर निगरानी रखते हुए प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल