व्यापारी हितों के लिए संघर्ष हमेशा जारी रहेगा : मुकुंद मिश्रा
औरैया, 02 नवंबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश व्यापार प्रकोष्ठ का प्रदेश संयोजक बनाए जाने के बाद मुकुंद मिश्रा के पहली बार जनपद औरैया आगमन पर व्यापारियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। स्वागत समारोहों में बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे और व्यापारी एकता जिंदाबाद के नारे गूंजते रहे।
स्वागत से अभिभूत प्रदेश संयोजक मुकुंद मिश्रा ने कहा कि उनके लिए व्यापारी हित सर्वोपरि हैं। व्यापारियों के सम्मान, अधिकारों और समस्याओं के समाधान के लिए उन्होंने पहले भी संघर्ष किया है और आगे भी यह संघर्ष जारी रहेगा। भाजपा ने उन्हें जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा और मजबूती के साथ करेंगे। व्यापारियों की आवाज शासन और प्रशासन तक पहुंचाना तथा उनके हितों की रक्षा करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
उन्होंने कहा कि व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। रोजगार सृजन के साथ ही प्रदेश के विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। कारोबार के दौरान आने वाली समस्याओं, सुरक्षा, उत्पीड़न और अन्य व्यावहारिक कठिनाइयों को दूर कराने के लिए संगठन के माध्यम से प्रभावी पहल की जाएगी। उन्होंने व्यापारियों से आपसी एकजुटता बनाए रखने और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्हाेंने कहा कि किसी भी व्यापारी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर नवनियुक्त युवा प्रदेश मंत्री प्रवीण अग्रवाल का भी व्यापारियों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल औरैया के जिलाध्यक्ष राजेश उर्फ बबलू बाजपेई, रानू अवस्थी, पप्पू शर्मा, भानु राजपूत सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार