विश्वविद्यालय परिसर में होंगी प्रमुख प्रतियोगिताएं, संबद्ध महाविद्यालयों को भी मिली जिम्मेदारी
जौनपुर, 26 सितंबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के खेलकूद परिषद ने सत्र 2026-27 के लिए शनिवार को अंतर महाविद्यालयीय प्रतियोगिताओं का वार्षिक खेलकूद कैलेंडर जारी कर दिया है। खेलकूद परिषद के सचिव प्रो. शेखर सिंह की ओर से जारी कैलेंडर में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन की जिम्मेदारी विश्वविद्यालय परिसर के साथ संबद्ध महाविद्यालयों को सौंपी गई है।
कैलेंडर के अनुसार कुश्ती पुरुष एवं महिला, क्रिकेट पुरुष एवं महिला, एथलेटिक्स पुरुष एवं महिला तथा योगासन पुरुष एवं महिला प्रतियोगिताएं विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित होंगी।
बैडमिंटन पुरुष एवं महिला की जिम्मेदारी टीडीपीजी कॉलेज जौनपुर, हैंडबाल पुरुष की फरीदुल हक मेमोरियल पीजी कॉलेज और फुटबॉल पुरुष की राजा श्री कृष्ण दत्त पीजी कॉलेज को दी गई है। खो-खो पुरुष का आयोजन गुलाबी देवी पीजी कॉलेज सिद्दीकपुर और महिला का सहकारी पीजी कॉलेज मिहरावां में होगा। बास्केटबाल पुरुष एवं महिला की जिम्मेदारी पीजी कॉलेज गाजीपुर को मिली है।
कबड्डी पुरुष टीडीपीजी कॉलेज जौनपुर और महिला मड़ियाहूं पीजी कॉलेज में होगी। वालीबाल पुरुष सत्यदेव पीजी कॉलेज गाजीपुर तथा महिला राम अवध यादव राजकीय महिला महाविद्यालय, तारा, शाहगंज में आयोजित होगी। क्रासकंट्री पुरुष एवं महिला के लिए पं. दीन दयाल उपाध्याय राजकीय महाविद्यालय सैदपुर को जिम्मेदारी मिली है।
इसके अलावा बॉक्सिंग और कराटे पुरुष एवं महिला के लिए एमपीएस पीजी कॉलेज जौनपुर, शूटिंग के लिए टीडीपीजी कॉलेज जौनपुर, तीरंदाजी के लिए हिन्दू पीजी कॉलेज जमानियां तथा भारतोलन के लिए राजा हरपाल सिंह महाविद्यालय सिंगरामऊ को नामित किया गया है।
हॉकी, शक्तितोलन, शरीर सौष्ठव, ताइक्वांडो और वाकिंग समेत अन्य प्रतियोगिताओं के आयोजन की जिम्मेदारी भी विभिन्न महाविद्यालयों को सौंपी गई है। कैलेंडर जारी होने से प्रतियोगिताओं की तैयारियों और आयोजन को लेकर संबंधित संस्थानों को समय से कार्ययोजना बनाने में सुविधा होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव