विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए खेल स्पर्धाएं आवश्यक: योगेंद्र उपाध्याय
लखनऊ, 15 नवंबर (हि.स.)। सेंट जोसेफ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की चार दिवसीय नीरू मेमोरियल एनुअल स्पोर्ट्स मीट 'स्पर्धा-2026' का शुभारंभ रविवार को लखनऊ के के.डी. सिंह बाबू स्टेडियम में प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने किया। अतिथियों ने मशाल प्रज्वलित कर तथा शांति के प्रतीक कबूतर व रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर इस खेल महाकुंभ का विधिवत उद्घाटन किया।
समारोह को संबोधित करते हुए उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किताबी शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सुदृढ़ बनाने के साथ ही उनमें टीम भावना, अनुशासन और लक्ष्य प्राप्ति का जुनून विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए 'खेलो इंडिया, खिलेगा इंडिया' के आह्वान से देश में खेल संस्कृति को नया आयाम मिला है, जिसके परिणामस्वरूप आज भारतीय खिलाड़ी वैश्विक प्रतियोगिताओं में पदकों की श्रृंखला जीतकर देश का नाम रोशन कर रहे हैं।
उच्च शिक्षा मंत्री ने विद्यार्थियों के अनुशासित मार्च-पास्ट और बैंड प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि हार-जीत से परे खेल भावना के साथ मैदान में उतरना सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रेरणादायी पंक्तियों हार नहीं मानूंगा, रार नहीं ठानूंगा... का उद्धरण देते हुए असफल रहने वाले प्रतिभागियों को निराश न होने और नए उत्साह के साथ पुनः प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उन्होंने सेंट जोसेफ समूह के शैक्षणिक योगदान की प्रशंसा की तथा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की प्रेरणा और उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से नीरू मेमोरियल सोसायटी द्वारा संचालित होने वाले निर्माणाधीन 'ज्ञानशिला विश्वविद्यालय' की स्थापना के लिए हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि योगेंद्र उपाध्याय ने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन करने वाले होनहार खिलाड़ियों— प्रिशा गुप्ता (सीतापुर रोड शाखा), आयुषी सिंह (रुचिखंड शाखा) तथा गौरव सरोज (राजाजीपुरम शाखा) को 'नीरू मेमोरियल खेल रत्न अवार्ड-2026' प्रदान कर सम्मानित किया। सेंट जोसेफ समूह की संस्थापक अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता अग्रवाल ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है और खेल जीवन में संतुलन तथा सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।
'स्पर्धा-2026' के पहले दिन आयोजित क्रिकेट के रोमांचक लीग मैच में राजाजीपुरम शाखा ने 7 विकेट पर 102 रन बनाकर रुचिखंड शाखा को पराजित किया। मैच में शानदार गेंदबाजी करते हुए आरव ने 4 विकेट झटककर अपनी टीम को विजयश्री दिलाई। वहीं प्री सब-जूनियर वर्ग की 50 मीटर दौड़ में सीतापुर रोड शाखा के नन्हे धावकों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया।
इस अवसर पर एमएलसी उमेश द्विवेदी,सेंट जोसेफ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के प्रबंध निदेशक अनिल अग्रवाल, निदेशक नम्रता अग्रवाल, संयुक्त निदेशक सृजन अग्रवाल, स्क्वाड्रन लीडर राखी अग्रवाल सहित सभी शाखाओं की प्रधानाचार्या, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में गणमान्य अभिभावक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन