वरिष्ठ व्यापारियों का सम्मान और बजट को सर्वसम्मति से मंजूरी : वीरेंद्र गुलाटी ‘विक्की’

 


कानपुर, 20 सितंबर (हि.स.)। कमेटी के कार्यों को मजबूती देने के साथ व्यापारियों के हितों से जुड़े विषयों पर सभी सदस्यों को मिलकर काम करना चाहिए। आपसी सहयोग और बेहतर समन्वय से बाजार की गतिविधियों को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाया जा सकता है। यह बातें रविवार को कानपुर कपड़ा कमेटी की वार्षिक आमसभा में अध्यक्ष वीरेंद्र गुलाटी ‘विक्की’ ने कहीं।

आमसभा की शुरुआत भगवान श्री गणेश के माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन और ईश वंदना के साथ हुई। इसके बाद अध्यक्ष ने सभा को संबोधित किया। आमसभा में बाजार के वरिष्ठ एवं सम्मानित सदस्यों सतीश चंद्र गुप्ता, सुरेंद्र प्रसाद अग्रवाल, राजकुमार भरतिया, रामचंद्र गुप्ता, कमल कुमार जैन और जयनारायण माहेश्वरी को उनकी सेवाओं और योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कमेटी के पदाधिकारियों ने सभी वरिष्ठ सदस्यों को दुशाला और स्मृति चिह्न प्रदान किए।

वरिष्ठ व्यापारियों के सम्मान को लेकर सचिव राकेश कुमार सेठिया ने कहा कि इन सदस्यों ने लंबे समय तक बाजार और व्यापार के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके अनुभव और कार्यों से नई पीढ़ी के व्यापारियों को भी सीखने और आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि कमेटी सभी सदस्यों को साथ लेकर व्यापार से जुड़े विषयों पर लगातार काम करती रहेगी।

अध्यक्ष वीरेंद्र गुलाटी ‘विक्की’ ने कहा कि कमेटी की गतिविधियों में सभी सदस्यों की भागीदारी महत्वपूर्ण है। व्यापारियों के बीच संवाद और आपसी सहयोग से संगठन को और मजबूत किया जा सकता है।

प्रधान सचिव दीपक कुमार गुप्ता ने वर्ष 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसके साथ कमेटी की बैलेंस शीट, आय-व्यय का विवरण, ऑडिटर एवं डायरेक्टर्स रिपोर्ट तथा वर्ष 2026-27 का बजट आमसभा के सामने रखा गया। सभी रिपोर्ट और बजट को सदस्यों ने सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया। वर्ष 2026-27 के लिए मेसर्स गुप्ता अग्रवाल एंड सुल्तानिया को ऑडिटर नियुक्त किया गया।

बैठक में बाजार के कई सदस्यों ने कमेटी और व्यापार से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखे। आमसभा का संचालन प्रधान सचिव दीपक कुमार गुप्ता ने किया। उन्होंने उपस्थित सदस्यों और अतिथियों का स्वागत किया और सभी के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम में वरिष्ठ उपाध्यक्ष नवीन कुमार नेवटिया, कनिष्ठ उपाध्यक्ष संजय कुमार गुप्ता, संयुक्त सचिव अमित कुमार गुप्ता ‘रिंकू’, कोषाध्यक्ष अशोक माहेश्वरी समेत कमेटी के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में वस्त्र व्यवसायी मौजूद रहे। अंत में राष्ट्रगान हुआ, जिसके बाद अध्यक्ष वीरेंद्र गुलाटी ‘विक्की’ ने आमसभा के समापन की घोषणा की।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप