वंदे मातरम गीत के दौरान सोनिया गांधी की असहजता से आहत है देश : साध्वी ऋतंभरा

 


मथुरा, 18 अगस्त (हि.स.)। पद्मविभूषण साध्वी ऋतंभरा ने वृंदावन के वात्सल्य ग्राम स्थित समविद् गुरुकुलम बालिका सैनिक स्कूल में मंगलवार वरिष्ठ पत्रकार स्व. भानुप्रताप शुक्ल की पुण्यतिथि पर आयोजित राष्ट्र चिंतन दिवस समारोह को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेत्री सोनिया गांधी और जंतर-मंतर के प्रदर्शनों को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी।

साध्वी ऋतंभरा ने सोनिया गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि वंदे मातरम गीत के दौरान उनका असहज होना और उनका कृत्य देश को आहत करने वाला है, जिससे उनकी भावनाएं देश के सामने स्पष्ट हो चुकी हैं। इस पर सरकार को उचित कदम उठाना चाहिए। जंतर-मंतर और रांची में हुए प्रदर्शनों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि मुद्दों पर विरोध प्रदर्शन होना ठीक है, लेकिन देश में अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रदर्शनकारियों के अभिभावकों से भी अपील की कि वे देखें कि उनके बच्चों के दिमाग के साथ कौन खेल रहा है। श्रीराम मंदिर और सिद्धिविनायक मंदिर में चढ़ावे की चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि हमें अपने चरित्र को मजबूत करना होगा। यह घटनाएं दर्शाती हैं कि नैतिकता के मामले में कहीं न कहीं चूक हो रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि हमें व्यक्तिगत स्वार्थ से ऊपर उठकर देशहित और राष्ट्र चिंतन के बारे में सोचना चाहिए। समारोह के दौरान स्कूल में देशभक्ति कविता, वाद-विवाद, चित्रांकन और नुक्कड़ नाटक जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिनमें विजयी छात्राओं को ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार