लखनऊ : 22 नवम्बर से मतदाता जोड़ो अभियान चलाएगी भाजपा

 


लखनऊ, 18 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी आगामी 22, 23 और 24 नवंबर को लखनऊ महानगर में विशेष मतदाता जोड़ो अभियान चलाएगी। इस दौरान सभी पदाधिकारी घर-घर और मतदाताओं से व्यक्तिगत संपर्क कर नए मतदाताओं के नाम जुड़वाने का कार्य करेंगे। पार्टी द्वारा नियुक्त बीएलए-2 को न्यूनतम 10 फॉर्म भरवाने की जिम्मेदारी दी गई है। विधानसभा प्रभारी एवं विस्तारक पूरे अभियान की निगरानी करेंगे।

हजरतगंज स्थित हलवासिया कोर्ट में भाजपा लखनऊ महानगर द्वारा मतदाता जोड़ो अभियान की कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला की अध्यक्षता भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनन्द द्विवेदी ने की। बैठक में भाजपा लखनऊ महानगर प्रभारी एवं पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष त्रयंबक त्रिपाठी तथा विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

बैठक में आगामी विशेष मतदाता अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने, नए मतदाताओं को जोड़ने तथा मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम शामिल कराने को लेकर विस्तृत रणनीति बनाई गई। अभियान के सफल संचालन के लिए पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां भी निर्धारित की गईं।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए भाजपा लखनऊ महानगर प्रभारी त्रयंबक त्रिपाठी ने कहा कि जिन युवाओं की आयु 18 वर्ष पूरी हो चुकी है, लेकिन उनका नाम विधानसभा मतदाता सूची में नहीं है, उनका नाम जुड़वाया जाएगा। विवाह के बाद नई बहुएं बनकर आई महिलाओं, ग्राम सभा की मतदाता सूची में नाम दर्ज होने के बावजूद विधानसभा मतदाता सूची में नाम नहीं रखने वाले नागरिकों, पात्र लाभार्थियों तथा नौकरी एवं व्यवसाय के सिलसिले में बाहर रहने वाले लोगों से संपर्क कर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से फॉर्म भरवाए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि 28, 29 और 30 नवंबर को महिला मोर्चा द्वारा महिला मतदाता जोड़ो अभियान चलाया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी महिला पदाधिकारियों को सौंपी जाएगी। वहीं 1, 2 और 3 दिसंबर को युवा मोर्चा के नेतृत्व में युवा मतदाता जोड़ो अभियान आयोजित होगा। इसमें 1 जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं को मतदाता बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। पूरे अभियान की समीक्षा 13 दिसंबर को की जाएगी।

भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनन्द द्विवेदी ने कहा कि मतदाता जोड़ो अभियान संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। प्रत्येक कार्यकर्ता और पदाधिकारी को इसे अभियान के रूप में लेते हुए अपने क्षेत्र में पात्र नागरिकों से संपर्क करना होगा।

मीडिया प्रभारी अनुराग साहू ने बताया कि विधानसभा प्रभारी के रूप में पश्चिम से संजय गुप्ता, उत्तर से सरोज सिंह, पूर्व से आर.बी. सिंह, मध्य से राहुल मिश्रा तथा कैंट से रामदेव पाल इसी क्रम में विधानसभा विस्तारक के रूप में पश्चिम से कुलदीप मिश्रा, उत्तर से विनीत बाजपेयी, पूर्व से देवेश शुक्ला, मध्य से आयुष तथा कैंट से उमाशंकर बघेल अभियान को संचालित करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन