राष्ट्रपति के आगमन से पूर्व नगर निगम ने अयोध्या में चलाया विशेष स्वच्छता अभियान

 


महामहिम राष्ट्रपति के आगमन के मद्देनजर राम की पैड़ी पर की गई सफाई

अयोध्या, 16 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगामी 19 मार्च को अयोध्या आगमन के मद्देनजर नगर निगम ने सोमवार को विशेष सफाई अभियान छेड़ दिया। यह अभियान आगामी 20 मार्च तक जारी रहेगा।

महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी एवं नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार के नेतृत्व में राम की पैड़ी से विशेष सफ़ाई अभियान की शुरुआत की गई। नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार पांडेय ने बताया कि आज शुरू हुए सफाई अभियान में बड़ी तादाद में नगर निगम के कर्मचारी और स्वयंसेवी संस्थाओं से जुड़ी महिलाएं भी शामिल रहीं। सफाई अभियान पूरी रामकीपैड़ी, सरयूघाट, नागेश्वर नाथ तथा आसपास के मंदिरों के आसपास चला।

नगर आयुक्त ने पेयजल व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने रामकी पैड़ी एवं आसपास लगाए गए वाटर एटीएम व वाटर क्याक्स के आसपास विशेष सफाई रखने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ एवं भारत भार्गव, महाप्रबंधक जलकर सौरभ श्रीवास्तव, जोनल अधिकारी अशोक कुमार गुप्ता, सहायक अभियंता सिविल राजपति यादव तथा अन्य लोग शामिल रहे। अधिकारियों ने महामहिम राष्ट्रपति के आवागमन मार्ग का भी निरीक्षण कर सफाई, पेयजल एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय