राम मंदिर पर राजनीति कर रहा विपक्ष, दोषियों पर होगी कार्रवाई : अनुराग ठाकुर

 


कानपुर, 16 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को कानपुर पहुंचे। उन्होंने विपक्ष और तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने हमेशा राम मंदिर का विरोध किया है और आज भी मंदिर के मुद्दे पर केवल राजनीति करने का प्रयास कर रहा है। राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े विवाद पर उन्होंने कहा कि मामले की जांच एसआईटी कर रही है और जांच पूरी होने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कानपुर पहुंचने पर अनुराग ठाकुर का विभिन्न स्थानों पर स्वागत किया गया। सबसे पहले उन्होंने उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के आवास पहुंच कर उनसे मुलाकात की। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया। इसके बाद उन्होंने परमट स्थित मंदिर परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। फिर बाबा आनंदेश्वर मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की।

पत्रकारों से बातचीत में अनुराग ठाकुर ने पश्चिम बंगाल की राजनीति का जिक्र करते हुए कहा कि वहां वर्षों तक भय और भ्रष्टाचार का माहौल रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के शासन में गुंडाराज को बढ़ावा मिला लेकिन अब भ्रष्टाचार और अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि बंगाल के विकास के लिए सकारात्मक माहौल बन रहा है और जनता बदलाव चाहती है।

राम मंदिर से जुड़े आर्थिक विवाद के सवाल पर उन्होंने कहा कि मंदिर ट्रस्ट की ओर से मामले की जांच की मांग की गई थी। उसके बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने एसआईटी गठित की है। जांच निष्पक्ष तरीके से चल रही है। सच सामने आने के बाद जिम्मेदार लोगों पर कानून के अनुसार कार्रवाई होगी।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि जिन लोगों ने वर्षों तक राम मंदिर आंदोलन का विरोध किया, वे आज भी इस मुद्दे पर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन देश की जनता सब कुछ देख और समझ रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि सच्चाई सामने आने पर सभी तथ्यों का खुलासा होगा और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप