राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने किया जन भवन के आदर्श माध्यमिक विद्यालय के नवीन भवन का उद्घाटन
लखनऊ, 13 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को जन भवन में 517 लाख की लागत से आधुनिक सुविधायुक्त आदर्श माध्यमिक विद्यालय के नवीन भवन का उदघाटन किया। इस अवसर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमारी वर्तमान पीढ़ी के ऊपर देश का भविष्य है। यह पीढ़ी जिन संस्थानों में शिक्षा अर्जित कर रही है, सबसे पहली आवश्यकता होती है कि उसके पास अपना भवन हाे। राज्यपाल ने जनभवन में आदर्श माध्यमिक विद्यालय के रूप में अभिनव प्रयास को बढ़ाया है। यह माध्यमिक व बेसिक शिक्षा के लिए एक मॉडल भी है।
मुख्यमंत्री याेगी आदित्यनाथ ने कहा कि आप इस मॉडल को जनपदों से लोगों को बुलाकर दिखा सकते हैं। खासतौर पर मुख्यमंत्री कम्पोजिट विद्यालय के जो मॉडल बन रहे हैं, उसमें इसको आप वहाँ स्वीकार करके आगे बढ़ा सकते हैं। इस भवन में पांच करोड़ 17 लाख रुपये कुल खर्च हुए हैं। उनमें चार करोड़ 70 लाख ही सरकार ने दिए हैं। शेष सीएसआर और राज्यपाल ने अलग से जुटाकर बनाया है। जो दिखेगा वही समाज में बिकेगा। जैसा हम प्रस्तुत करेंगे, वैसा ही लोग स्वीकार भी करेंगे।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भवन अच्छा और योग्य है, तो उसके अनुरूप शिक्षा का माहौल बनाने में मदद मिलेगी। यहां बच्चों के स्पोर्ट्स मीट होते हैं। यहां के बच्चों में अंदर विभिन्न गतिविधियों को देखने को मिलता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के वह वैज्ञानिक जिन्होंने शून्य व खगोल की अद्भुत अवधारणाएं दीं, वह कोई और नहीं आर्यभट्ट थे। आकाश के रहस्यों को पहली बार उद्घाटित करने वाले वराहमिहिर थे। जो आज की सर्जरी है, केवल आयुर्वेद ही नहीं एलोपैथ भी जिन्हें आदर्श मानता है, वह सुश्रुत थे। आयुर्वेद को विज्ञान का स्वरूप कैसे दिया जाना चाहिए, यह चरक ने हमें बताया। जगदीश चन्द्र बसु ने विज्ञान में नए आयाम जोड़े। मनुष्य, जीव ही नहीं वनस्पति में भी जीव का अंश है। यह वैज्ञानिक बसु ने बताया। प्रकाश का रहस्य क्या होता है, यह सीवी रमन ने हमें बताया है। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी, बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन