रसोइयों की पाक कला प्रतियोगिता आयोजित, उत्कृष्ट प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित
गोरखपुर, 23 फ़रवरी (हि.स.)। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय, 10वीं पार्क रोड, निकट सीतापुर आई हॉस्पिटल परिसर में रसोइया पाक कला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के माध्यम से जनपद गोरखपुर के विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों की प्रतिभा को मंच प्रदान किया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गोरखपुर उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लेखाधिकारी जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय गोरखपुर सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
प्रतियोगिता में रसोइयों द्वारा मध्यान्ह भोजन योजना के अंतर्गत निर्धारित मानकों के अनुसार सामग्री का उपयोग करते हुए स्वादिष्ट एवं पौष्टिक व्यंजन तैयार किए गए। निर्णायक मंडल द्वारा व्यंजनों की गुणवत्ता, स्वाद एवं प्रस्तुति के आधार पर मूल्यांकन किया गया।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान विकास क्षेत्र नगर क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय रेती रोड की रसोइया को प्राप्त हुआ। द्वितीय स्थान विकास क्षेत्र जंगल कौड़िया के कंपोजिट विद्यालय तथा तृतीय स्थान विकास क्षेत्र सहजनवा के प्राथमिक विद्यालय भौवापार की रसोइया को मिला। विजेताओं को क्रमशः 3500, 2500 एवं 1500 रुपये की धनराशि उनके बैंक खातों में प्रदान की गई।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी रसोइयों के प्रयासों की सराहना की और आशा व्यक्त की कि वे अपने अनुभव के आधार पर अन्य विद्यालयों की रसोइयों को भी प्रेरित करेंगी, जिससे मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता और बेहतर हो सके। कार्यक्रम का संचालन दीपक पांडेय द्वारा किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय