यातायात माह शुरू, कानपुर में सड़क हादसे 40 प्रतिशत घटे : पुलिस आयुक्त
कानपुर, 02 नवंबर (हि.स.)। यातायात नियमों का पालन और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ने से कानपुर नगर में सड़क हादसों में करीब 40 प्रतिशत और दुर्घटनाओं में मौतों के मामलों में 30 प्रतिशत की कमी आई है। सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की नहीं, बल्कि हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। यह बातें सोमवार को यातायात माह का शुभारंभ करते हुए पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने कहीं।
पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल और जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने सोमवार को यातायात जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही नवंबर माह में चलने वाले यातायात जागरूकता अभियान की शुरुआत हुई। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित किया। रैली के जरिए लोगों को हेलमेट लगाने, सीट बेल्ट बांधने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि सड़क दुर्घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने या उसकी मौत का असर पूरे परिवार पर पड़ता है। इसलिए हर व्यक्ति को यातायात नियमों का पालन करने के साथ अपने परिजनों और आसपास के लोगों को भी जागरूक करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए पुलिस, प्रशासन, नगर निगम, सड़क निर्माण से जुड़े विभागों और आम नागरिकों को मिलकर प्रयास करने होंगे। युवाओं की भागीदारी भी इसमें अहम है।
उन्होंने बताया कि कानपुर पुलिस की ओर से वर्षभर किए गए यातायात प्रबंधन और नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। सड़क दुर्घटनाओं में कमी के साथ कानपुर नगर देश के सर्वाधिक सड़क हादसों वाले शीर्ष 20 जिलों और उत्तर प्रदेश के शीर्ष 12 जिलों की सूची से भी बाहर हो गया है।
अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था डॉ. विपिन टाडा ने बताया कि यातायात माह के दौरान पूरे नवंबर में जागरूकता कार्यक्रमों के साथ विशेष प्रवर्तन अभियान चलाए जाएंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसका उद्देश्य शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के साथ सड़क पर चलने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
अभियान के तहत युवाओं और एनसीसी कैडेट्स की सहभागिता से लोगों को जागरूक किया जाएगा। पुलिस आयुक्त ने सड़क सुरक्षा के साथ डिजिटल सुरक्षा पर भी ध्यान देने की अपील की। उन्होंने सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करते समय सतर्क रहने और डिजिटल ठगी से बचने का संदेश दिया।कार्यक्रम में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, अपर पुलिस आयुक्त संकल्प शर्मा, पुलिस उपायुक्त दिनेश त्रिपाठी, पुलिस उपायुक्त यातायात अभय नाथ त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पुलिसकर्मी और एनसीसी कैडेट्स मौजूद रहे।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप