मेधावी छात्रों का सम्मान, टॉपर्स को मिला पुरस्कार और बचत का संदेश
कानपुर, 01 जून (हि.स.) बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर जनपद का गौरव बढ़ाने वाले मेधावी छात्र छात्राओं के लिए सोमवार का दिन यादगार बन गया। सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में आयोजित अलंकरण समारोह में जनपद के टॉपर्स को न केवल मेडल, प्रशस्ति पत्र और 21 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई, बल्कि उन्हें जीवन की एक महत्वपूर्ण सीख भी दी गई। सफलता के साथ बचत की आदत विकसित करने पर भी जाेर दिया गया।
हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं में जनपद स्तर पर मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले 14 मेधावी छात्र-छात्राओं को जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने सम्मानित किया। मंच पर जब विद्यार्थियों के नाम पुकारे गए तो सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के चेहरों पर गर्व और खुशी साफ दिखाई दे रही थी।
इस अवसर पर कल्याणपुर विधायक नीलिमा कटियार ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में नकल विहीन और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था स्थापित हुई है, जिसके कारण विद्यार्थियों की वास्तविक प्रतिभा सामने आ रही है। उन्होंने मेधावी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। गोविंद नगर विधायक सुरेंद्र मैथानी ने कहा कि यह सम्मान विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और लगन का सम्मान है। घाटमपुर विधायक सरोज कुरील ने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों की सफलता अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा है। जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी प्रतिभा का योगदान देने का आह्वान किया। समारोह में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने प्रत्येक मेधावी छात्र छात्रा को एक गुल्लक भेंट की और उसमें स्वयं 20 रुपये का सिक्का डलवाकर बचत का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यक्ति को आगे बढ़ने की शक्ति देती है, जबकि बचत और वित्तीय अनुशासन उसे जीवन में स्थायित्व प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि आज की छोटी बचत भविष्य में बड़े सपनों को पूरा करने का आधार बन सकती है।हाईस्कूल वर्ग में अभय शुक्ला, श्रेयश पाठक, अमन यादव, आयुष सिंह और रिया चौरसिया तथा इंटरमीडिएट वर्ग में अंजुल, अर्जुन दीक्षित, अर्पित कुशवाहा, रजत यादव, हरिओम द्विवेदी, हिमांशु, जानवी, सृष्टि बाजपेयी और आयुष सचान को सम्मानित किया गया। सभी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, मेडल और 21 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि का चेक प्रदान किया गया।जिला विद्यालय निरीक्षक ने कहा कि ये मेधावी छात्र-छात्राएं केवल अपने परिवारों की नहीं, बल्कि पूरे जनपद की प्रेरणा हैं। उनकी सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए एक संदेश है कि कठिन परिश्रम, लगन और अनुशासन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप