मेधावियों के सम्मान के साथ ‘कृतित्व’ का विमोचन

 




कानपुर, 20 मई (हि.स.)। स्कूल के मंच पर जैसे ही मेधावी छात्र-छात्राओं के नाम पुकारे गए, पूरे सभागार में तालियां गूंज उठीं। मौका था वार्षिक पत्रिका ‘कृतित्व’ के विमोचन समारोह का, जहां शिक्षा, संस्कार और उपलब्धियों का संगम देखने को मिला। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2025-26 में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार और प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। यह बातें बुधवार को कार्यक्रम में मौजूद मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक श्रीराम जी ने कहीं।

कार्यक्रम विद्यालय अध्यक्ष सुभाषचंद्र बेड़िया की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। शुरुआत मां सरस्वती के पूजन और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद विद्यालय की प्रधानाचार्या सुमन चंदेला ने अतिथियों का स्वागत किया। समारोह के दौरान वार्षिक पत्रिका ‘कृतित्व’ का विमोचन मुख्य अतिथि, विद्यालय अध्यक्ष और अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से किया।

पत्रिका संपादक आचार्य राजेश कुमार शुक्ल ने बताया कि पत्रिका में छात्र-छात्राओं की रचनात्मक प्रतिभाओं, गतिविधियों और शैक्षणिक उपलब्धियों को स्थान दिया गया है। उन्होंने पत्रिका की रूपरेखा और उसमें शामिल लेखों का परिचय भी कराया।

कार्यक्रम के दूसरे चरण में बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर छात्र-छात्राओं के चेहरे खिल उठे, जबकि अभिभावकों ने भी उनका उत्साह बढ़ाया। मुख्य अतिथि श्रीराम जी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ अनुशासन और समय प्रबंधन जीवन में सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को राष्ट्रहित में कार्य करने और सत्य के मार्ग पर आगे बढ़ने का संदेश दिया।

विद्यालय अध्यक्ष सुभाषचंद्र बेड़िया ने कहा कि विद्यार्थियों की उपलब्धियां विद्यालय के लिए गर्व की बात हैं। वहीं उपाध्यक्ष श्याम बाबू गुप्ता ने कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का संचालन आचार्य सचिन सिंह यादव और आचार्या कंचन नाथ के निर्देशन में छात्र-छात्राओं ने किया। इस अवसर पर उप-प्रधानाचार्य लक्ष्मीकांत शुक्ल, आचार्य अरविंद शंकर तिवारी, आचार्या काकोली मिश्रा समेत विद्यालय परिवार के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप