मुरादाबाद में पर्यटन एवं उद्यमिता को बढ़ावा मिले इसके लिए प्रस्ताव में प्रावधान हों : मंडलायुक्त

 


मुरादाबाद, 08 सितंबर (हि.स.)। मंडल आयुक्त संगीता सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को आयुक्त सभागार, मुरादाबाद मं मंडलीय उद्योग बन्धु समिति की बैठक आयोजित हुई। मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि प्रस्ताव में ऐसे प्रावधान किए जाएं, जिनसे मुरादाबाद में पर्यटन एवं उद्यमिता को बढ़ावा मिले। बैठक में लघु उद्योग भारती, आईआईए सहित विभिन्न औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारियों ने मंडलायुक्त का स्वागत किया।

संयुक्त आयुक्त उद्योग ने 14 जुलाई काे पिछली बैठक की कार्यवाही से समिति को अवगत कराया गया। कार्यवाही पर कोई टिप्पणी प्राप्त न होने पर उसकी पुष्टि करते हुए एजेंडावार समीक्षा की गई। बैठक में बसंतपुर रामराय वन ब्लॉक स्थित डियर पार्क के संचालन एवं विकास पर चर्चा हुई।

प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी ने बताया कि सौंदर्यीकरण, ईको टूरिज्म एवं नगर वन योजना के अंतर्गत भाग-01 में 242.25 लाख रुपये तथा भाग-02 में 208.95 लाख रुपये, कुल 451.20 लाख रुपये का प्रस्ताव तैयार कर प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं विभागाध्यक्ष, उत्तर प्रदेश को भेजा गया है।

मंडलायुक्त ने स्पष्ट किया कि किसी परियोजना की सफलता केवल परिसंपत्तियों के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि उनका प्रभावी उपयोग और आम नागरिकों को मिलने वाला वास्तविक लाभ ही सफलता का महत्वपूर्ण आधार है।

लकड़ी फाजलपुर में स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत संचालित कॉमन फैसिलिटी सेंटर के प्रभावी संचालन पर भी विस्तार से चर्चा की गई। मंडलायुक्त ने इसे मुरादाबाद के कारीगरों के लिए उपयोगी बताते हुए अपर नगर आयुक्त, मुरादाबाद की अध्यक्षता में समिति गठित करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के सचिव पंकज वर्मा, अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार यूपी स्टेट ब्रिज कॉरपोरेशन के डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी उद्यमी उपस्थित रहे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल