मुरादाबाद मंडल के शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर चला किलेबंदी टिकट जांच अभियान, वसूले ₹76,250

 


मुरादाबाद, 11 जून (हि.स.)। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल के शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को किलेबंदी टिकट जांच अभियान चलाया गया। जिसमें कुल 17 रेलगाड़ियों को चेक किया गया। जिसमें कुल 172 मामलों में कार्रवाई करते हुए ₹76,250 का राजस्व अर्जित किया गया।

मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव के निर्देशानुसार बिना टिकट यात्रा, अनियमित यात्रा तथा रेलवे परिसर एवं ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने के उद्देश्य से आज शाहजहांपुर स्टेशन पर विशेष किलेबंदी टिकट जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव के निर्देशन में संचालित किया गया। मंडल के विभिन्न स्टेशनों से कुल 08 टिकट चेकिंग स्टॉफ ने वाणिज्य निरीक्षक, शाहजहांपुर एसके ठाकुर एवं सीआईटी शाहजहांपुर नरेंद्र त्यागी के नेतृत्व में रेलवे सुरक्षा बल के दो स्टाफ के सहयोग से यह विशेष अभियान संचालित किया। अभियान के दौरान शाहजहांपुर स्टेशन पर गाड़ी संख्या 15909, 15212, 12232, 13308, 13006, 55349, 55363, 55059, 15001, 14307, 14235, 15075, 15076, 15211, 13152, 15910 एवं 22454 सहित कुल 17 गाड़ियों को चेक किया गया। विशेष टिकट चेकिंग अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा के 52 मामलों से किराया एवं जुर्माना सहित ₹30,250 अनियमित यात्रा के 114 मामलों से ₹44,900 तथा गंदगी फैलाने के 06 मामलों से ₹1,100 की वसूली की गई। इस प्रकार कुल 172 मामलों में कार्रवाई करते हुए ₹76,250 का राजस्व अर्जित किया गया।

मुरादाबाद मंडल यात्रियों से अपील करता है कि वे वैध टिकट लेकर यात्रा करें, यात्रा नियमों का पालन करें तथा रेलवे परिसरों एवं ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने में अपना सहयोग प्रदान करें।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल