मुरादाबाद नगर निगम ने आंकी 1008 करोड़ की वित्तीय क्षमता
मुरादाबाद ,09 जुलाई (हि.स.)। महापौर विनोद अग्रवाल ने गुरुवार को बताया कि मुरादाबाद नगर निगम ने पहली बार अपनी ऑडिटेड बैलेंस शीट आम लोगों के लिए जारी कर दी गई है। बैलेंस शीट के मुताबिक नगर निगम की कुल वित्तीय क्षमता 1008.27 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही 50 करोड़ रुपये के म्यूनिसिपल बांड जारी करने की कवायद भी अगले चरण में पहुंच गई है। उत्तर प्रदेश शासन से अनुमति मिलने के बाद इसे निगम की वेबसाइट पर अपलोड किया गया है।
मुरादाबाद नगर निगम मर्चेंट बैंकर के माध्यम से भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के पास पूरा प्रस्ताव भेजेगा। इसमें ऑडिटेड बैलेंस शीट, शासन की मंजूरी और अन्य जरूरी वित्तीय व तकनीकी दस्तावेज शामिल होंगे। सेबी से हरी झंडी मिलने के बाद बॉन्ड जारी कर निवेशकों से 50 करोड़ रुपये जुटाए जाएंगे। इस राशि का उपयोग राष्ट्रीय राजमार्ग-24 पर धीमरी गांव में प्रस्तावित एडुटेनमेंट पार्क के निर्माण में किया जाएगा।
महापौर विनोद अग्रवाल के अनुसार ऑडिटेड बैलेंस शीट को सार्वजनिक करने की औपचारिकता पूरी हो चुकी है। अब सेबी के लिए दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं। मंजूरी मिलते ही बॉन्ड जारी करने और एडुटेनमेंट पार्क के निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल