मुरादाबाद : छठ घाटों पर अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य

 


मुरादाबाद, 16 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मुरादाबाद में रविवार को रामगंगा नदी घाट अमृत सरोवर आदि अनेकों स्थानों पर छठ की छटा दिखाई दी। रामगंगा विहार, लाइनपार, अमृत सरोवर, बुद्धि विहार, पीएसी आदि समेत अन्य जगहों पर बने छठ घाटों पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए रविवार शाम को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। देर शाम को व्रती महिलाओं ने डूबते हुए भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया। कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाय, होय ना बलम जी कहरिया, बहंगी घाटे पहुंचाय समेत अन्य पारंपरिक गीत छठ घाटों पर गूंजते रहे। ढोल नगाड़ों की थाप पर श्रद्धालु नाचते और गाते नजर आए।

छठ पूजा के तीसरे दिन शहर के रामगंगा विहार, लाइनपार, अमृत सरोवर लोको शेड पुल, प्राचीन शिव मंदिर कपूर कंपनी पुल, छठ मैय्या पार्क बुद्धि विहार, पीएसी, आरपीएफ मैदान रेलवे कॉलोनी हरथला में बने घाट पर श्रद्धालु दोपहर से ही पहुंचने लगे। शाम चार बजते-बजते घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। परिवार और संतान की सलामती की कामना श्रद्धालुओं के मन में रही। डूब रहे सूर्यदेव को व्रती महिलाओं ने पानी में खड़े होकर परिवार के साथ गाय के दूध और गंगा जल से अर्घ्य दिया। पांच बजकर 40 मिनट पर जब सूर्य भगवान पूरी तरह से अदृश्य हो गए तो 36 घंटे चलने वाले इस महाव्रत की पहली अर्घ्य की बेला को विराम मिला।

अमृत सरोवर सम्राट अशोक नगर छठ पूजा घाट के प्रतिनिधि अमित दुबे ने बताया कि सोमवार को सुबह तड़के तीन बजे से व्रती महिलाएं घाट पर पहुंचने लगेंगी। वह सुबह छह बजकर 25 मिनट पर उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देंगी।

रामगंगा नदी किनारे घाट पर पूजा के लिए जुटीं महिलाएं

महा छठ पर्व रविवार शाम को रामगंगा किनारे स्थित सीएल गुप्ता घाट पर धूमधाम से मनाया गया। व्रती महिलाएं सूप में फल व प्रसाद लेकर परिवार के साथ छठी मैया के गीत गाते हुए शाम 4 बजे से घाट पहुंचने लगीं। सीएल गुप्ता घाट पर सोमवार सुबह चार बजे से व्रती महिलाएं भगवान सूर्य का उगने का इंतजार करेंगी। सर्वजन हिताय संस्था के अध्यक्ष पंकज ने बताया कि घाट पर व्रती महिलाओं के आने पर संस्था उनका स्वागत करेगी।

अमृत सरोवर लोकोशेड पुल के पास अमृत सरोवर में बने छठ पूजा घाट पर महिलाओं ने डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया। पूर्वांचलवासी संस्था के अशोक चतुर्वेदी ने बताया कि छठ पूजा के लिए विशेष प्रसाद जैसे ठेकुआ, चावल के लड्डू चढ़ाया गया। कोषाध्यक्ष भूपेश सिंह एवं युवा विंग सचिव अमन सिंह ने बताया कि छठ पर्व का तीसरा दिन जिसे संध्या अर्घ्य के नाम से जाना जाता है।

भाजपा पदाधिकारियों ने रामगंगा विहार में सीएल गुप्ता आई इंस्टीट्यूट स्थित रामगंगा नदी घाट के किनारे छठ पूजा करने आई व्रतधारी महिलाओं व उनके परिवारों का स्वागत अभिनंदन किया। इस मौके पर भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य राजू कालरा समेत कई नेता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल