मुख्यमंत्री योगी ने द्वितीय अखिल भारतीय पुलिस बैडमिंटन क्लस्टर प्रतियोगिता का किया शुभारम्भ

 


-सीएम का खिलाड़ियों को मंत्र- जैसे बैडमिंटन में शटल कॉक को गिरने नहीं देते, वैसे ही सपनों को टूटने न देना

लखनऊ, 09 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बाबू बनारसी दास यूपी बैडमिंटन एकेडमी गोमतीनगर में द्वितीय अखिल भारतीय पुलिस बैडमिंटन क्लस्टर (बैडमिंटन- टेबल टेनिस) प्रतियोगिता 2025-26 का शुभारम्भ किया। उन्होंने बैडमिंटन भी खेला और स्मारिका का विमोचन किया। कपिल चौधरी ने खिलाड़ियों को शपथ दिलाई। यूपी में खेल व खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर आधारित लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई। 35वीं वाहिनी पीएसी के बैंड ने मधुर स्वर लहरियां प्रस्तुत कीं।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पहली बार उत्तर प्रदेश में हो रहे पांच दिवसीय अखिल भारतीय पुलिस बैडमिंटन कलस्टर में लगभग 1400 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। भारत में खेल व इसकी गतिविधियों को प्रोत्साहन देने की परम्परा प्राचीन काल से ही रही है। कबड्डी, कुश्ती, खो-खो, धनुर्विद्या, मलखंभ, तलवारबाजी, शतरंज प्राचीन काल से ही जीवन का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने अखाड़ा शब्द की व्याख्या करते हुए, बताया कि ज्ञान की परम्परा व शरीर को स्वस्थ रखने की कला को जिस क्षेत्र विशेष में प्रदर्शित किया जाए, वही अखाड़ा है। स्वस्थ शरीर से स्वस्थ मस्तिष्क व स्वस्थ मस्तिष्क से स्वस्थ चरित्र का निर्माण करके राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक व्यक्ति का योगदान सुनिश्चित करना उस अभियान का हिस्सा बनाने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री ने प्राचीन धर्मग्रंथों की चर्चा कर अर्जुन का भी उल्लेख किया। कहा कि अर्जुन एकाग्रता, अनुशासन व समर्पण के प्रतीक हैं। मल्लयुद्ध की बात करते हैं तो बलराम व भीम का स्मरण हो जाता है। बलराम मतलब शक्ति और संतुलन का प्रतीक। गदायुद्ध में शक्ति, रणनीति व पराक्रम भी है। डबल इंजन सरकार इन प्राचीन विधाओं से प्रेरणा प्राप्त कर खेल के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से बढ़ा रही है।

उन्होंने कहा कि 25 करोड़ वाले उत्तर प्रदेश में 56 प्रतिशत युवा हैं। खेल के मैदान में जो पाठ पढ़ाए जाते हैं, उनका पाठ्य पुस्तकों में मिलना कठिन होता है। क्योंकि खेलकूद के बारे में जो व्यावहारिक रणनीति बताई जाएगी, वह सैद्धांतिक रूप से पुस्तकों में मिलना कठिन होता है। खेल के मैदान में अनुशासन, दृढ़ संकल्प और समर्पण के बारे में खिलाड़ी को तैयार किया जाता है और उसके माध्यम से ऐसे व्यक्तित्व को तराशने का कार्य होता है, जो राष्ट्र को सशक्त, सुरक्षित और विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कड़ी बन सकता है।

सीएम ने कहा कि हम लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी के विजन को यूपी में प्रभावी ढंग से लागू करने में सफलता हासिल की। 11 वर्ष में देश के अंदर नए स्पोट्र्स इकोसिस्टम का प्रभावी क्रियान्वयन सभी ने देखा है। खेल ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ व राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम बना है। खेलो इंडिया, फिट इंडिया मूवमेंट, सांसद-विधायक खेलकूद प्रतियोगिता, यूपी में ग्रामीण लीग आदि प्रतियोगिताएं समाज के अंतिम पायदान पर बैठे खिलाड़ियों को प्लेटफॉर्म उपलब्ध करा रही हैं। इसी का परिणाम है कि ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स व विश्व चैंपियनशिप में भारत का प्रतिभाग बढ़ा है और हमें अभूतपूर्व सफलता भी मिल रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले यूपी में नाममात्र के स्टेडियम थे, इनमें बुनियादी सुविधाएं तक नहीं थीं। उनका उचित रख-रखाव तक नहीं था। ट्रैक टूटे और स्वीमिंग पुल सूखे थे। खिलाड़ी उपेक्षित और कुशल खिलाड़ी कार्यालय भटकने को मजबूर थे। प्रतिभाएं प्रतीक्षा सूची में दम तोड़ने को मजबूर होती थीं, लेकिन अब ऐसा नहीं है। उत्तर प्रदेश ने आज कुशल खिलाड़ियों के लिए सीधी भर्ती, पदोन्नति व नकद पुरस्कार की पारदर्शी व्यवस्था लागू की है। हमारी सरकार ने खिलाड़ियों के लिए नौकरियों में दो प्रतिशत हॉरिजेंटल रिजर्वेशन की व्यवस्था की है। खेल अब केवल शौक, टाइमपास नहीं बल्कि सम्मानजक कैरियर बन रहा है।

हमारी सरकार इसकी गारंटी भी दे रही है। अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय स्तर के 534 खिलाड़ियों को सीधी भर्ती के माध्यम से यूपी पुलिस व शासन के विभिन्न पदों पर नियुक्ति पत्र दिया गया है। स्पोट्र्स कोटे के तहत 546 नई भर्ती प्रक्रियाधीन है, इन्हें भी बहुत जल्द नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। 2021 से अब तक 334 खिलाड़ियों को निरीक्षक, उप निरीक्षक व मुख्य आरक्षी पद पर प्रमोशन भी दिया गया है। टोक्यो व पेरिस ओलम्पिक में भारतीय हॉकी टीम को मेडल दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका दिलाने वाले ललित उपाध्याय व राजकुमार पाल तथा एशियन गेम्स में 5000 मीटर में विजेता पारुल चौधरी को डिप्टी एसपी पद दिया गया। एशियन चैंपियनशिप 2024-25 में स्वर्ण पदक विजेता आरक्षी प्रियांशी प्रजापति व पुष्पा को सीधे निरीक्षक पद पर प्रमोशन दिया गया। यह नाम विश्वास के साक्ष्य हैं, आज खाकी व खेल के बीच अटूट रिश्ता बन चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा हर ग्राम पंचायत में खेल का मैदान, ब्लॉक स्तर पर मिनी स्टेडियम, हर जनपद में स्टेडियम है, जिससे टैलेंट को प्लेटफॉर्म प्राप्त हो सके और मजबूत इको सिस्टम तैयार हो सके। देश के लिए पदक जीतने वाले प्रदेश के खिलाड़ी को यूपी सरकार बेहतरीन अवसर देती है। सरकार राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले प्रदेश के खिलाड़ियों को सपोर्ट करती है और मेडल जीतने वाले को इंसेंटिव व पुलिस समेत अनेक विभागों में समायोजित कर रही है।

इस दौरान अपर मुख्य सचिव (गृह) संजय प्रसाद, अपर निदेशक (एसआईबी) विनीता शर्मा, अपर पुलिस महानिदेशक (पीएसी) डॉ. आरके स्वर्णकार, मुख्यमंत्री कार्यालय के सलाहकार अवनीश अवस्थी, उप्र बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष नवनीत सहगल, चेयरमैन विराज सागर दास, पुलिस महानिरीक्षक पीएसी (मध्य जोन) व सचिव यूपी पुलिस स्पोट्र्स कंट्रोल बोर्ड डॉ. प्रीतिंदर सिंह आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक