मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना: जौनपुर के 29 प्रगतिशील किसानों को कृषि उपकरण मिले
देवरिया, 25 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना के तहत उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में नवीन सब्जी मंडी स्थित समिति भवन में बुधवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में देवरिया सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने पात्र लाभार्थी 29 प्रगतिशील किसानों को विभिन्न कृषि उपकरण वितरित किए। उन्होंने किसानों को ट्रैक्टर, रोटावेटर, एलईडी टीवी समेत कई उपयोगी कृषि उपकरण प्रदान किए, जिससे उनकी खेती को आधुनिक और अधिक लाभकारी बनाने में मदद मिलेगी। योजना का उद्देश्य किसानों को तकनीकी रूप से सशक्त कर उनकी आय में वृद्धि करना है। वही मुस्लिम वर्ग के प्रगतिशील किसान खुर्शीद आलम को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से ट्रैक्टर प्रदान किया गया, जिससे उनके चेहरे पर खुशी साफ झलकती नजर आई।
मुख्य अतिथि डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में किसानों के उत्थान और उनके आर्थिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाएं सीधे किसानों तक पहुंच रही हैं, जिससे उनकी आय बढ़ाने और खेती को आधुनिक बनाने में सहायता मिल रही है।
उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश सरकार सभी वर्गों- चाहे वह किसी भी जाति या धर्म से जुड़े हों, के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और इसी भावना के साथ योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है।
कार्यक्रम में लाभार्थी किसानों ने सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह की योजनाएं उनके लिए काफी लाभकारी साबित हो रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान मंडी समिति के सचिव दिवाकर उपाध्याय, समाजसेवी इस्राफील उर्फ गब्बर, भाजपा के मनोनीत सभासद बजरंगी मणि सहित बड़ी संख्या में किसान, स्थानीय जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक