मीरजापुर : प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, मनाया कर्नाटक दिवस

 


- मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय में प्रश्नोत्तरी, भाषण, रंगोली और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन

मीरजापुर, 01 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय के अस्थायी परिसर राजकीय महाविद्यालय उमरियां, मझवां में रविवार को कर्नाटक दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर शैक्षिक, साहित्यिक और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो. शोभा गौड़ ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कुलपति ने कहा कि कर्नाटक भारत की समृद्ध सांस्कृतिक, साहित्यिक और कलात्मक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। एक नवंबर 1956 को मैसूर राज्य का गठन हुआ था, जिसे एक नवंबर 1973 को कर्नाटक नाम दिया गया। जनभवन, लखनऊ के निर्देश पर यह आयाेजन किया गया।

उन्होंने कहा कि भारत की शक्ति विविधता में एकता में निहित है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को विभिन्न राज्यों की भाषा, संस्कृति और परंपराओं से परिचित कराने के साथ राष्ट्रीय एकता की भावना मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम में प्रश्नोत्तरी, भाषण, पोस्टर एवं मॉडल, सांस्कृतिक कार्यक्रम और रंगोली प्रतियोगिताएं हुईं। प्रश्नोत्तरी में उजाला मौर्य प्रथम, कल्पना द्विवेदी और रेनू चौहान संयुक्त रूप से द्वितीय तथा अर्चना कुमारी तृतीय रहीं। भाषण प्रतियोगिता में कल्पना द्विवेदी प्रथम, आयुष यादव द्वितीय और शीलू पाठक तृतीय स्थान पर रहे। सांस्कृतिक कार्यक्रम में अनामिका प्रथम, वंदना द्वितीय और उजाला तृतीय रहीं। रंगोली में प्रीति यादव प्रथम, उजाला और श्याम जीरा संयुक्त रूप से द्वितीय तथा आंचल मौर्य, प्रिया मौर्य और क्षमा तृतीय स्थान पर रहीं।

कुलपति ने विजेता विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र और पदक देकर सम्मानित किया।

इस दौरान कुलसचिव रामनारायण, वित्त अधिकारी गिरीश कुमार, सहायक कुलसचिव अखिलेश मिश्र, डॉ. अतुल किशोर शाही, डॉ. प्रशांत सिंह, डॉ. आशुतोष राय, डॉ. विभा रानी सिंह और डॉ. जिया परवीन सहित शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा